अंबाला: बदलती जीवनशैली और बिगड़ती खानपान की आदतें अब लोगों की सेहत पर भारी पड़ने लगी हैं. दरअसल पहले जिस स्ट्रोक को बुजुर्गों की बीमारी माना जाता था, अब वह युवाओं के लिए भी बड़ा खतरा बनता जा रहा है. हैरानी की बात यह है कि 55 साल से कम उम्र के लोगों में स्ट्रोक के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं, इसके पीछे हाई ब्लड प्रेशर, डायबिटीज, मोटापा, तनाव और शारीरिक गतिविधियों की कमी जैसे कारण अहम भूमिका निभा रहे हैं.
बता दे कि सबसे चिंताजनक बात यह है कि इनमें से कई कारण ऐसे हैं, जिन्हें समय रहते नियंत्रित करके स्ट्रोक के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है. दरअसल, आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोग अपनी सेहत को नजरअंदाज कर रहे हैं, घंटों एक जगह बैठकर काम करना, फास्ट फूड का अधिक सेवन, नींद पूरी न होना और शारीरिक मेहनत से दूरी बनाना धीरे-धीरे शरीर को बीमारियों की ओर धकेल रहा है. हाई ब्लड प्रेशर को स्ट्रोक का सबसे बड़ा जोखिम कारक माना जाता है.
स्ट्रोंक के ये हो सकते है संकेत
इसके अलावा बढ़ता कोलेस्ट्रॉल, मोटापा, डायबिटीज, धूम्रपान, शराब का सेवन, हृदय संबंधी बीमारियां और मानसिक तनाव भी स्ट्रोक की आशंका बढ़ाते हैं. विशेषज्ञों के अनुसार, ये दस प्रमुख जोखिम कारक करीब 92 प्रतिशत स्ट्रोक मामलों से जुड़े पाए गए हैं. वही, स्ट्रोक के मामले में समय पर लक्षणों की पहचान करना बेहद जरूरी है, कई बार अचानक चक्कर आना, शरीर के किसी हिस्से में कमजोरी या सुन्नपन महसूस होना, बोलने में परेशानी, चेहरे का एक तरफ झुक जाना या अचानक देखने में दिक्कत होना इसके संकेत हो सकते हैं. लोग कई बार इन लक्षणों को थकान, माइग्रेन या कान की समस्या समझकर नजरअंदाज कर देते हैं, जबकि ऐसा करना जानलेवा साबित हो सकता है.
लक्ष्ण मिलने पर पहुंचे अस्पताल
खास बात यह है कि अगर कुछ देर बाद लक्षण अपने आप ठीक भी हो जाएं, तब भी तुरंत अस्पताल पहुंचना चाहिए, यह मिनी स्ट्रोक यानी ट्रांजिएंट इस्केमिक अटैक का संकेत हो सकता हैं. स्ट्रोक एक मेडिकल इमरजेंसी है, इसमें दिमाग तक खून और ऑक्सीजन की आपूर्ति बाधित हो सकती है, जिससे मस्तिष्क की कोशिकाओं को नुकसान पहुंचता है. इस्केमिक स्ट्रोक के कुछ मरीजों में खून का थक्का घोलने वाली दवा लक्षण शुरू होने के साढ़े चार घंटे के भीतर दी जा सकती है, इसलिए मरीज को घरेलू उपचार कराने या लक्षण ठीक होने का इंतजार करने के बजाय तुरंत अस्पताल पहुंचाना जरूरी है.
स्ट्रोक का एक प्रमुख कारण खराब जीवनशैली
लोकल 18 को ज्यादा जानकारी देते हुए अंबाला शहर के नागरिक अस्पताल में कार्यरत होम्योपैथिक डॉक्टर रजिता ने बताया कि स्ट्रोक का एक प्रमुख कारण खराब जीवनशैली है, अगर किसी व्यक्ति को शुगर या हाई ब्लड प्रेशर की समस्या है और वह लगातार मानसिक तनाव में रहता है, तो उसमें स्ट्रोक का खतरा बढ़ सकता है. उन्होंने कहा कि स्ट्रोक एक इमरजेंसी कंडीशन है, जिसमें इंतजार करने की कोई गुंजाइश नहीं होती. डॉ. रजिता के अनुसार, स्ट्रोक आने पर मरीज को अचानक चक्कर आ सकते हैं या शरीर का कोई अंग सुन्न पड़ सकता है, कई बार पैरालिसिस जैसी स्थिति भी बन जाती है. ऐसे लक्षण दिखाई देने पर मरीज को तुरंत अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में ले जाना चाहिए, ताकि समय रहते इलाज शुरू हो सके.
इन मरीजों को देना चाहिए खानपान पर ध्यान
उन्होंने बताया कि डायबिटीज के मरीजों को अपनी खानपान की आदतों पर विशेष ध्यान देना चाहिए और डॉक्टर की सलाह के अनुसार नियमित दवाइयां लेनी चाहिए. इसी तरह बीपी के मरीजों को भी दवाइयां बीच में बंद नहीं करनी चाहिए,कई लोग घरेलू नुस्खों के सहारे ब्लड प्रेशर नियंत्रित करने की कोशिश करते हैं, जो खतरनाक हो सकता है.बीपी और शुगर की नियमित जांच करवाना बेहद जरूरी है. डॉ. रजिता ने बताया कि नियमित दिनचर्या अपनाकर कई बीमारियों से बचाव किया जा सकता है, इसके लिए रोजाना सुबह सैर करें, योग और व्यायाम को अपनी दिनचर्या में शामिल करें तथा खानपान संतुलित रखें.
सप्ताह में कम से कम 150 मिनट तेज पैदल चले
विशेषज्ञों की सलाह है कि सप्ताह में कम से कम 150 मिनट तेज पैदल चलने या साइकिल चलाने जैसी गतिविधियां करें. खाने में नमक की मात्रा प्रतिदिन 6 ग्राम से कम रखें और फाइबर युक्त भोजन को प्राथमिकता दें, डॉ. रजिता ने यह भी बताया कि अंबाला के नागरिक अस्पताल में लोग बीपी और शुगर से संबंधित समस्याओं को लेकर होम्योपैथिक पद्धति से भी चिकित्सकीय सलाह ले सकते हैं, इसके लिए महज 5 रुपये की पर्ची बनवाकर डॉक्टर से परामर्श लिया जा सकता है.













