
Haryana News: हरियाणा के कैथल जिले में पुलिस विभाग के भीतर अनुशासनहीनता के आरोपों को लेकर बड़ी कार्रवाई की गई है। हेड कॉन्स्टेबल द्वारा डीएसपी पर धमकी देने के आरोप लगाने के बाद विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। इस मामले में एक इंस्पेक्टर समेत कुल 9 पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया गया है। ये सभी नशा मुक्ति एवं जागरूकता टीम से जुड़े हुए थे।
जिला पुलिस अधीक्षक उपासना ने कार्रवाई करते हुए टीम के सदस्य सुनील संधू सहित पूरी टीम को लाइन हाजिर किया। पुलिस प्रवक्ता ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि विभागीय नियमों के उल्लंघन के चलते यह कदम उठाया गया है।
सोशल मीडिया पोस्ट के बाद बढ़ा विवाद
तीन दिन पहले हेड कॉन्स्टेबल सुनील संधू ने सोशल मीडिया पर पोस्ट लिखकर कलायत के डीएसपी ललित यादव पर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने दावा किया था कि उन्हें झूठे नशा मामले में फंसाने की धमकी दी जा रही है।
संधू ने अपने आधिकारिक फेसबुक अकाउंट पर भावुक पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि उन्हें मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा है और यहां तक कि स्मैक बेचने जैसे झूठे केस में फंसाने की बात कही जा रही है। उनका कहना था कि वे नशे के खिलाफ अभियान चला रहे थे और प्रशासनिक निर्देशों के तहत कार्रवाई कर रहे थे।
किन अधिकारियों पर हुई कार्रवाई
जिन पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर किया गया है, उनमें इंस्पेक्टर साहिल, एसआई कर्मबीर, एएसआई ओमप्रकाश, हेड कॉन्स्टेबल सुनील, सिपाही रेखा और सोनिया, एसपीओ जसविंदर, राजपाल और प्रदीप शामिल हैं। सभी को फिलहाल पुलिस लाइन भेज दिया गया है।










