Haryana Weather: हरियाणा में हाल ही में हुई बारिश और ओलावृष्टि के बाद मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। जहां दिन के समय हल्की गर्माहट महसूस की जा रही है, वहीं रात के समय ठंडक बढ़ गई है। प्रदेश के कई जिलों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 3 से 6 डिग्री सेल्सियस तक नीचे चल रहा है, जिससे लोगों को फरवरी जैसी ठंड का एहसास हो रहा है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के 9 अप्रैल के आंकड़ों के अनुसार, राज्य का औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.7°C कम दर्ज किया गया। पानीपत में सबसे कम 13°C तापमान रिकॉर्ड हुआ, जबकि गुरुग्राम में अधिकतम तापमान 33°C तक पहुंच गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा।
दिन-रात के तापमान में बढ़ा अंतर
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, बारिश के बाद साफ आसमान और उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाओं के कारण रात में तापमान गिर रहा है। वहीं दिन के समय तेज धूप के चलते तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो रही है। इसी कारण दिन और रात के तापमान में अंतर लगातार बढ़ता जा रहा है।
12 अप्रैल के बाद फिर बदलेगा मौसम
चौधरी चरणसिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, 14 अप्रैल तक मौसम आमतौर पर शुष्क लेकिन परिवर्तनशील रहेगा।
उन्होंने बताया कि 12 अप्रैल की रात एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसके प्रभाव से 13 और 14 अप्रैल को आंशिक बादल छा सकते हैं। इस दौरान हवाओं की दिशा और गति में बदलाव देखने को मिलेगा।
दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी और रात में गिरावट का सिलसिला जारी रह सकता है, जिससे आने वाले दिनों में भी सुबह और शाम के समय ठंडक बनी रहने की संभावना है।













