Last Updated:
Gurugram News: हरियाणा के गुरुग्राम में टैक्सी चालक अजय कुमार ने बीच सड़क जमकर हंगामा किया. पहले तेज रफ्तार से बाइक सवार को टक्कर मारी और फिर पुलिस से बदसलूकी की. घटना का वीडियो भी सामने आया है. आरोपी टैक्सी चालक काफी गालीगलौज कर रहा है और पुलिस वालों से भी धक्का मुक्की करता दिखा.
गुरुग्राम में हादसे के बाद पुलिस से हाथापाई करने वाला कैब ड्राइवर गिरफ्तार, पुलिसवाले को मारा था मुक्का, वीडियो हुआ वायरल.
गुरुग्राम. हरियाणा के गुरुग्राम में तेज रफ्तार और लापरवाही से टैक्सी चलाकर सड़क हादसा करने तथा मौके पर पहुंची पुलिस टीम के साथ हाथापाई और बदसलूकी करने वाले आरोपी चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी की पहचान अजय कुमार (26) निवासी मधुबनी, बिहार के रूप में हुई है. पुलिस ने उसके कब्जे से हादसे में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट टैक्सी भी बरामद कर ली है.
पुलिस के अनुसार, सेक्टर-50 थाना क्षेत्र में ओकस मॉल, सेक्टर-51 के पास एक सड़क दुर्घटना की सूचना मिली थी. मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने पाया कि एक स्विफ्ट कार ने तेज गति और लापरवाही से बाइक सवार को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त हो गई.
पुलिस का आरोप है कि हादसे के बाद आरोपी चालक ने मौके पर पहुंची पुलिस टीम के साथ हाथापाई, बदसलूकी और सरकारी कार्य में बाधा डालने की कोशिश की. बाद में घायल बाइक सवार को सेक्टर-10ए स्थित नागरिक अस्पताल ले जाया गया. डॉक्टर के बयान देने के लिए फिट घोषित किए जाने के बाद पीड़ित ने पुलिस को लिखित शिकायत दी.
पीड़ित ने अपनी शिकायत में बताया कि वह ऑफिस से अपने घर जा रहा था, तभी पीछे से आई स्विफ्ट कार ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी.शिकायत और पुलिसकर्मियों की रिपोर्ट के आधार पर सेक्टर-50 थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की. कार्रवाई करते हुए 13 जुलाई को आरोपी अजय कुमार को गुरुग्राम से गिरफ्तार कर लिया गया. आरोपी की पहचान अजय कुमार निवासी मधुबनी बिहार के रूप में हुई है.
पूछताछ में आरोपी ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाने की बात स्वीकार की. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट कार भी बरामद कर ली है.फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
About the Author

Vinod Kumar Katwal, a Season journalist with 14 years of experience across print and digital media. I have worked with some of India’s most respected news organizations, including Dainik Bhaskar, IANS, Punjab K…और पढ़ें













