Haryana Crime: हरियाणा के गुरुग्राम से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां एक चार मंजिला अपार्टमेंट की पार्किंग में आराम कर रही 57 वर्षीय घरेलू सहायिका की महिंद्रा थार की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना सेक्टर-67 स्थित अंसल वर्सालिया सोसाइटी की है। पुलिस ने इस मामले में लापरवाही और तेज रफ्तार से वाहन चलाने का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतका की पहचान गुड्डी देवी के रूप में हुई है। वह उत्तर प्रदेश के महोबा की रहने वाली थीं और अपने परिवार के साथ गुरुग्राम के भोंडसी इलाके में रहती थीं। गुड्डी देवी अंसल वर्सालिया सोसाइटी में घरेलू सहायिका के रूप में काम करती थीं।
सीने पर चढ़ी गाड़ी
पुलिस के अनुसार, मंगलवार दोपहर करीब 2 से 2:20 बजे के बीच गुड्डी देवी अपना काम खत्म करने के बाद सोसाइटी की ग्राउंड फ्लोर स्टिल्ट पार्किंग में आराम कर रही थीं। इसी दौरान चौथी मंजिल पर रहने वाली एक महिला अपनी महिंद्रा थार को रिवर्स कर रही थी। बताया जा रहा है कि गाड़ी पीछे लेते समय महिला ने गुड्डी देवी को नहीं देखा और वाहन उनके ऊपर चढ़ गया। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि थार का पहिया गुड्डी देवी के सीने के ऊपर से गुजर गया, जिससे उन्हें गंभीर अंदरूनी चोटें और कई फ्रैक्चर हुए। हादसे के तुरंत बाद महिला चालक घबरा गई और आसपास के लोगों को आवाज लगाई। इसके बाद उसने अपनी दूसरी एसयूवी से घायल गुड्डी देवी को सेक्टर-68 के एक निजी अस्पताल पहुंचाया।
डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
पुलिस के मुताबिक, अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद गुड्डी देवी को मृत घोषित कर दिया। आरोप है कि इसके बाद महिला चालक शव को वापस सोसाइटी लेकर आई और उसे उसी जगह छोड़कर चली गई, जहां हादसा हुआ था। इस बात की जानकारी भी उसने किसी को नहीं दी। गुड्डी देवी के भतीजे ने आरोप लगाया कि चालक ने परिवार को मौत की सूचना देने के बजाय शव को मौके पर छोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलने पर परिवार के सदस्य और अन्य घरेलू सहायिकाएं मौके पर पहुंचीं और महिला चालक के घर के बाहर विरोध प्रदर्शन किया।
पुलिस ने किया जांच शुरू
सूचना मिलने के बाद सेक्टर-65 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बताया कि महिला चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाकर मौत का कारण बनने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने हादसे में शामिल महिंद्रा थार को जब्त कर लिया है और सोसाइटी के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि घटना के पूरे क्रम का पता लगाया जा सके। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है और मामले की जांच जारी है।










