Last Updated:
Charkhi Dadri Gang War: हरियाणा में कानून व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं. चरखी दादरी में सिटी पुलिस थाने के सामने स्कॉर्पियो पर फायरिंग में 7 बदमाश घायल हुए हैं. गैंगवार की आशंका जताई गई है और पुलिस जांच में जुटी है. तीन बदमाश घटना के बाद फरार हो गए.
हरियाणा के चरखी दादरी में गुरुवार को सिटी पुलिस थाने के ठीक सामने दिनदहाड़े हुई अंधाधुंध फायरिंग ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया.
चरखी दादरी. हरियाणा के चरखी दादरी में गुरुवार को सिटी पुलिस थाने के ठीक सामने दिनदहाड़े हुई अंधाधुंध फायरिंग ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया. बेखौफ बदमाशों ने एक स्कॉर्पियो गाड़ी को निशाना बनाते हुए उस पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं. इस हमले में स्कॉर्पियो सवार 7 युवक गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए. प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को रोहतक पीजीआई रेफर किया गया, जहां दो की हालत गंभीर बताई जा रही है.
वारदात के बाद 3 हमलावर पैदल ही मौके से गन लहराते हुए फरार हो गए. घटना के समय पुलिस थाना महज कुछ कदम की दूरी पर होने के बावजूद दिनदहाड़े हुई इस दुस्साहसिक वारदात ने जिले की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
पुलिस के अनुसार घायल युवकों में अंकित (मानकावास), कीर्तिमान (हिसार), कृष्ण (महेंद्रगढ़), सूरज (मानहेरू), अंकित (भिवानी), विजय उर्फ सन्नी (हिसार) और अमित (फतेहगढ़) शामिल हैं. प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि घायलों में से कुछ पर पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं. इनमें किसी पर 21 तो किसी पर 15 केस दर्ज हैं.
डीएसपी मुख्यालय धीरज कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि कुछ घायल युवक अपने पुराने मामले में अदालत में तारीख-पेशी भुगतकर स्कॉर्पियो से लौट रहे थे. इसी दौरान पुलिस थाने के सामने पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने गाड़ी को निशाना बनाते हुए करीब 10 से 15 राउंड फायरिंग कर दी. घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी वारदात रिकॉर्ड हो गई है. फुटेज में तीन युवक हथियार लेकर स्कॉर्पियो पर लगातार गोलियां चलाते हुए दिखाई दे रहे हैं. पुलिस ने फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं.
गैंगवार या पुरानी रंजिश? जांच जारी
बताया जा रहा है कि वारदात कासनिया और बाबा गैंग के बीच चली आ रही रंजिश से जुड़ी हो सकती है. हालांकि पुलिस ने इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. डीएसपी धीरज कुमार ने कहा कि घायलों के बयान दर्ज होने के बाद ही हमले के वास्तविक कारण स्पष्ट हो पाएंगे. उधर, विदेश में बैठे कुख्यात गैंगस्टर रोहित गोदारा गैंग ने घटना की जिम्मेदारी ली है. गोलीकांड के बाद का वीडियो और रोहित गोदारा गैंग के नवीन बॉक्सर का ऑडियो सामने आया है और कहा कि दादरी में गोली चली है, वो उसने चलवाई है.
डीएसपी धीरज कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक लोगेश कुमार, डीएसपी सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे. फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए, जबकि सीआईए, साइबर सेल, सिटी थाना और सदर थाना की संयुक्त टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं. उन्होंने दावा किया है कि तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
About the Author

Vinod Kumar Katwal is a Senior journalist with over 14 years of experience across print and digital media. He currently serves as a Senior Correspondent at News 18 Hindi, leading Himachal Pradesh, Chandigarh an…
और पढ़ें












