Haryana News: HTET परीक्षा 2025 के रिजल्ट के बाद उठे सवालों और अभ्यर्थियों की आपत्तियों को लेकर अब हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की ओर से बड़ा बयान सामने आया है। बोर्ड चेयरमैन शंकर लाल दूपर ने साफ कहा है कि अगर किसी अभ्यर्थी ने पेपर में सही उत्तर लिखा है तो उसे उसका पूरा क्रेडिट मिलेगा। अभ्यर्थियों की ओर से दर्ज कराई गई आपत्तियों की लेवल वाइज और सब्जेक्ट वाइज स्क्रूटनी करवाई जा रही है और इसके लिए सब्जेक्ट एक्सपर्ट्स की मदद ली जा रही है।
HTET 2025 के रिजल्ट के बाद अभ्यर्थियों की ओर से पेपर में गड़बड़ियों और सवालों को लेकर आपत्तियां दर्ज कराई गई थीं। कई अभ्यर्थी अपनी शिकायतें लेकर हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भी पहुंचे थे। अब बोर्ड चेयरमैन शंकर लाल धपूड़ ने इन शिकायतों को लेकर स्थिति स्पष्ट की है। बोर्ड चेयरमैन ने बताया कि अभ्यर्थियों की ओर से बड़ी संख्या में क्वेरी और ऑब्जेक्शन फाइल किए गए हैं। इनकी लेवल वाइज और सब्जेक्ट वाइज स्क्रूटनी करवाई गई है और अब सब्जेक्ट एक्सपर्ट्स इन पर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही अभ्यर्थियों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
चेयरमैन ने यह भी बताया कि कुछ अभ्यर्थियों ने अपनी आपत्तियों में रोल नंबर तो दर्ज किया, लेकिन पेपर का कोड नहीं लिखा। इसके चलते बोर्ड को संबंधित सब्जेक्ट कोड तलाशने में अतिरिक्त प्रक्रिया से गुजरना पड़ा। अब यह प्रक्रिया पूरी कर एक्सपर्ट्स से आपत्तियों की जांच करवाई जा रही है। चेयरमैन शंकर लाल धपूड़ ने अभ्यर्थियों को भरोसा दिलाया कि किसी भी बच्चे को नुकसान नहीं होने दिया जाएगा। उनका कहना है कि अगर अभ्यर्थी ने पेपर में सही उत्तर लिखा है तो उसे उसके अंक जरूर मिलेंगे।
अभ्यर्थियों के प्रदर्शन और बोर्ड कार्यालय पहुंचने के दौरान राजनीतिक दलों और विभिन्न संगठनों की मौजूदगी को लेकर भी चेयरमैन ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि छात्रों की समस्याएं सुनने और उनका समाधान करने का काम बोर्ड कर रहा है और छात्रों के हित में ही बोर्ड के कर्मचारी काम कर रहे हैं। वहीं, आंसर-की डाउनलोड करने के लिए 100 रुपये फीस कटने और गलती से प्रक्रिया पीछे होने पर दोबारा फीस लगने के आरोप पर चेयरमैन ने कहा कि ऐसा मामला उनके सामने नहीं आया है। हालांकि, उन्होंने भरोसा दिया कि यदि ऐसा कोई मामला है तो अभ्यर्थी जानकारी दें, जांच के बाद राशि वापस करवाने की कार्रवाई की जाएगी।
आपत्तियों की संख्या को लेकर भी चेयरमैन ने अभ्यर्थियों के दावों को स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि 25 से 30 सवालों पर आपत्तियां दर्ज होने की बात सही नहीं है। उनके अनुसार, अभ्यर्थियों ने सामान्य तौर पर एक-दो सवालों को लेकर आपत्ति दर्ज कराई है। साथ ही उन्होंने कहा कि यदि किसी अभ्यर्थी की आपत्ति सही पाई जाती है तो उसकी फीस वापस की जाएगी।
अब सवाल आने वाली HTET परीक्षा का भी है। चेयरमैन के मुताबिक अगली परीक्षा की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं, लेकिन पहले मौजूदा विवाद और आपत्तियों से जुड़े मामले को पूरी तरह सुलझाया जाएगा। अभ्यर्थियों ने भी मांग रखी थी कि मौजूदा मामला पूरी तरह हल होने के बाद ही अगली परीक्षा कराई जाए। चेयरमैन ने कहा कि उनकी यह बात मान ली गई है और अगली HTET परीक्षा तय समय पर कराई जाएगी।
अगली HTET परीक्षा में पारदर्शिता बढ़ाने के लिए बोर्ड ने एक अहम बदलाव की तैयारी की है। चेयरमैन के अनुसार अभ्यर्थियों को दो OMR शीट दी जाएंगी। एक OMR शीट अभ्यर्थी अपने साथ ले जा सकेगा, जबकि दूसरी बोर्ड के पास रहेगी। बोर्ड का मानना है कि इससे अभ्यर्थियों की कई भ्रांतियां दूर होंगी और परीक्षा प्रक्रिया को लेकर पारदर्शिता और बढ़ेगी।
वहीं, CCTV कैमरे, फ्रिस्किंग और बायोमेट्रिक व्यवस्था को लेकर चेयरमैन ने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर ये व्यवस्थाएं पर्याप्त हैं और इन्हीं के जरिए परीक्षा को पारदर्शी तरीके से संचालित किया जाएगा। कुल मिलाकर HTET 2025 को लेकर उठे सवालों के बीच बोर्ड चेयरमैन ने अभ्यर्थियों को बड़ा भरोसा दिया है। उन्होंने साफ कहा है कि सही उत्तर लिखने वाले किसी भी अभ्यर्थी को नुकसान नहीं होने दिया जाएगा। अब सभी की नजरें बोर्ड की ओर से आपत्तियों की जांच पूरी होने और अंतिम निर्णय सामने आने पर टिकी हैं।










