Last Updated:
Gurugram News : गुरुग्राम की एक पॉश सोसाइटी में पति-पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई. 30 साल के सॉफ्टवेयर इंजीनियर मोहम्मद असलम का शव पंखे से लटका मिला, जबकि 28 वर्षीय पत्नी फरहाना फर्श पर मृत मिलीं. घटना से पहले असलम ने अपने ऑफिस को ईमेल भेजकर इसे अपना आखिरी दिन बताया था.
शख्स ने पत्नी की हत्या कर दी अपनी जान.
गुरुग्राम: हरियाणा के गुरुग्राम से एक दिल दहलाने वाला मामला सामने आया है. एक कंपनी को ईमेल आता है कि आज मेरा इस धरती पर आखिरी दिन है. प्लीज मेरे घरवालों को बता देना. ये मेल पढ़ते ही कंपनी में हड़कंप मच जाता है और मेल में दिए गए नंबरों पर फोन कर जानकारी दी जाती है. जब पुलिस फ्लैट में पहुंचती है तो वहां महिला का शव फर्श पर पड़ा होता है, जबकि शख्स फंदे पर लटका होता है. दरअसल, 30 साल के एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने अपनी 28 साल की पत्नी की रस्सी से गला घोटकर हत्या कर दी. उसके बाद फिर खुद भी जान ले ली. मगर, ये कदम क्यों उठाया इस बारे में कुछ भी ज्यादा सामने नहीं आया. हालांकि, मानसिक तनाव की बात कही जा रही है.
मामला गुरुग्राम के सेक्टर-68 स्थित एम3एम मरीना सोसाइटी का है. यहां टावर नंबर सात में फ्लैट नंबर 103 राघव नामक व्यक्ति का है. इसी फ्लैट में केरल के मूल निवासी मोहम्मद असलम अपनी पत्नी फरहाना के साथ पिछले महीने यानी अगस्त से किराये पर रह रहा था. असलम इंडोनेशिया की एक टेक्नोलॉजी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर था. कंपनी का ऑफिस गुरुग्राम के सेक्टर-58 में है. उसकी पत्नी फरहाना गृहिणी थी. दोनों मूल रूप से केरल के रहने वाले थे और करीब तीन महीने पहले बेंगलुरु से गुरुग्राम आए थे.
इससे पहले वह बेंगलुरु में नौकरी करते थे और वहीं रहते थे. पुलिस के मुताबिक, बीते मंगलवार को असलम ऑफिस गए थे, जबकि उनकी पत्नी घर पर अकेली थी. इसके बाद गुरुवार सुबह करीब 7 बजे असलम ने अपनी कंपनी के सहकर्मियों को एक ईमेल भेजा. उसमें उसने लिखा था कि यह धरती पर उसका आखिरी दिन है. ईमेल में उसने मानसिक परेशानी का भी जिक्र किया था. साथ ही पिता, दो रिश्तेदारों और मकान मालिक के संपर्क नंबर देकर उन्हें सूचना देने की बात कही थी.
मकान मालिक की सूचना पर पहुंची पुलिस
ईमेल मिलने के बाद सहकर्मियों ने दिए गए नंबरों पर संपर्क करने की कोशिश की. इसके बाद मकान मालिक ने सुबह करीब 8 बजे पुलिस को सूचना दी. पुलिस टीम सोसाइटी के कर्मचारियों और असलम के सहकर्मियों के साथ फ्लैट पर पहुंची. वहां बेडरूम में असलम का शव पंखे से लटका मिला, जबकि फरहाना का शव फर्श पर पड़ा था. महिला के शव के पास से रस्सी भी बरामद हुई.
जहर देने के एंगल से भी जांच
पुलिस जांच कर रही है कि क्या महिला की गला घोंटकर हत्या करने से पहले उसे जहर दिया गया था. जांच के लिए फ्लैट से मोबाइल फोन और लैपटॉप जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेजे गए हैं. दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है. पुलिस ने बताया कि दंपती की कोई संतान नहीं थी. केरल में रहने वाले उनके परिवारों को घटना की जानकारी दे दी गई है. फिलहाल मौत की सही वजह और घटनाक्रम का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद चलेगा. पुलिस के मुताबिक, खबर लिखे जाने तक मामले में केस दर्ज नहीं हुआ था.
About the Author









