नई दिल्ली. पिछले कुछ दिनों में दक्षिण भारत में दक्षिण-पश्चिम मानसून की गतिविधियां तेज हो गई हैं. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 17 से 23 अक्टूबर के बीच आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, केरल और कर्नाटक के कई हिस्सों में बारिश का पूर्वानुमान जताया है. देश के अन्य जिलों में भी गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना है. आइए जानते हैं दिल्ली, मुंबई, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ समेत देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का हाल.
देश की राजधानी का मौसम भी भीगा भीगा रहने वाला है. पिछले कुछ दिनों में हुई बारिश ने मौसम ठंडा कर दिया है. मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली और आसपास के NCR में मौसम में बदालव की चेतावनी जारी की है. नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद और गुरुग्राम में भी बारिश की संभावना कम है. अगले कुछ दिनों में बारिश का पूर्वानुमान नहीं है. दिल्ली-NCR में तापमान धीरे-धीरे बढ़ने और मौसम फिर से गर्म होने के आसार हैं.
IMD के मुताबिक रविवार को हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कई हिस्सों में मौसम में बदलाव की संभावना है. राजस्थान के पूर्वी इलाकों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है. अन्य क्षेत्रों में फिलहाल बारिश की गतिविधियां सीमित रहने का अनुमान है.
महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में 17 से 19 अक्टूबर के दौरान गरज-चमक, बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. कोंकण और गोवा में मौसम की ऐसी गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं. वहीं, मराठवाड़ा में 19 अक्टूबर तक और मध्य महाराष्ट्र में 17 से 20 अक्टूबर के बीच बारिश और तेज हवाओं का अनुमान है. मध्य महाराष्ट्र के पुणे, नासिक, अहमदनगर, सोलापुर, कोल्हापुर, सांगली, सतारा, जलगांव, धुले, नंदुरबार, छत्रपति संभाजीनगर, बीड, लातूर, धाराशिव, नांदेड़, परभणी और हिंगोली में भी इसका असर देखने को मिल सकता है.
देश के पहाड़ी इलाकों में अगले कुछ दिनों में फिर से बारिश की आशंका जताई जा रही है. शिमला, कुल्लू और चंबा में बादल के बरसने की उम्मीद है. ऐसे में मौसम यहां पर और भी ठंडा हो सकता है.











