नई दिल्ली (Delhi NCR Air Pollution). हर साल अक्टूबर-नवंबर में दिल्ली-एनसीआर में हवा की क्वॉलिटी बिगड़ जाती है. धुंध की मोटी चादर कई शहरों को घेर लेती है. घर से निकलते ही आंखों में जलन और सांस लेने में भारीपन महसूस होता है. यह जहरीली हवा बच्चों के लिए सबसे ज्यादा नुकसानदायी है. प्रदूषण के बढ़ते स्तर से निपटने के लिए प्रशासन ‘ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान’ यानी ग्रैप के अलग-अलग चरण लागू करता है. इससे तय होता है कि शहर की एक्टिविटीज पर कब और कितनी पाबंदियां लगेंगी.
दिल्ली में फैला प्रदूषण का जाल
ग्रैप 1 और ग्रैप 2: सावधानी और पाबंदियों का शुरुआती दौर
AQI के ‘खराब’ या ‘बहुत खराब’ श्रेणी में पहुंचने पर ग्रैप का पहला और दूसरा चरण एक्टिव होता है. इस स्तर पर मुख्य फोकस डस्ट कंट्रोल, डीजल जनरेटर पर रोक और खुले में कचरा जलाने से रोकने पर होता है. इस चरण में स्कूल बंद नहीं किए जाते. यह समय अलर्ट होने का होता है. स्कूलों को आउटडोर असेंबली (प्रार्थना सभा) या स्पोर्ट्स एक्टिविटीज रोकने के निर्देश दिए जाते हैं. कोशिश होती है कि बच्चे लंबे समय तक सीधे प्रदूषित हवा के संपर्क में न आएं.
ग्रैप 3: स्थिति गंभीर होने पर लिए जाते हैं सख्त फैसले
AQI के ‘गंभीर’ (Severe) होने पर ग्रैप 3 लागू होता है. इस स्टेज पर आकर हवा में सांस लेना खतरनाक हो जाता है. नियमों के मुताबिक, राज्य सरकारें और स्थानीय प्रशासन समीक्षा करते हैं कि प्राइमरी स्कूलों (कक्षा 5 तक) को बंद कर दिया जाए या ऑनलाइन क्लासेस में शिफ्ट किया जाए. हालांकि, यह फैसला स्थानीय प्रदूषण के स्तर और मौसम विभाग के पूर्वानुमान पर निर्भर करता है. इस दौरान स्कूलों में बच्चों की आउटडोर फिजिकल एक्टिविटी बिल्कुल प्रतिबंधित कर दी जाती है.
क्या दिल्ली-एनसीआर में स्कूल बंद करना ही एकमात्र सॉल्यूशन है?
यह सवाल हर साल सर्दियों में बहस का मुद्दा बनता है. स्कूल बंद करने से बच्चों को जहरीली हवा से तुरंत राहत मिलती है, लेकिन इसके नुकसान भी हैं. ऑनलाइन क्लास से बच्चों का स्क्रीन टाइम बढ़ता है और उनकी सोशल ग्रोथ रुकती है. जिन घरों में दोनों पेरेंट्स वर्किंग होते हैं, उनके लिए अचानक स्कूल बंद होने से बच्चों की देखभाल करना बड़ी मुसीबत बन जाता है. स्कूल बंद करना ‘इमरजेंसी ब्रेक’ जैसा है, जिसे स्थिति एकदम बेकाबू होने पर ही दबाया जाना चाहिए.
अगर बच्चे स्कूल-कोचिंग जा रहे हैं तो किन बातों का रखें ख्याल?
अगर बच्चों को स्कूल या कोचिंग भेजना मजबूरी है तो कुछ जरूरी एहतियात बरतकर उन्हें काफी हद तक सुरक्षित रखा जा सकता है:
- सही मास्क का चुनाव: घर से निकलते समय बच्चों को साधारण कपड़े का मास्क पहनाने के बजाय अच्छी क्वॉलिटी का N95 मास्क पहनाएं. यह सूक्ष्म कणों (PM2.5) को अंदर जाने से रोक सकता है.
- हाइड्रेशन का ध्यान: बच्चे को पानी की बोतल हमेशा साथ रखने की सलाह दें. पर्याप्त मात्रा में पानी पीने से शरीर से टॉक्सिन्स बाहर निकलते हैं और रेस्पिरेटरी सिस्टम बेहतर रहता है.
- इम्यूनिटी बूस्टर डाइट: खाने में विटामिन सी (संतरा, आंवला, नींबू) और ओमेगा-3 फैटी एसिड से भरपूर चीजें शामिल करें. ये प्रदूषण के असर से लड़ने में मदद करती हैं.
- आउटडोर एक्टिविटीज पर रोक: स्कूल मैनेजमेंट को बच्चों से इंडोर एक्टिविटीज ही करवानी चाहिए. ब्रेक के दौरान भी उन्हें खुले मैदान में न जाने दें.
एडल्ट्स की तुलना में बच्चों के फेफड़े अधिक सेंसिटिव होते हैं. इसलिए प्रदूषण बढ़ने पर उन्हें आउटडोर गतिविधियों से बचाना बेहद जरूरी है. इंडोर एयर प्यूरीफायर, सही मास्क और खान-पान में बदलाव से भी बच्चों को सुरक्षित रखा जा सकता है.













