Last Updated:
Faridabad News: दिल्ली के तुगलकाबाद की तरह अब फरीदाबाद का प्रतापगढ़ भी कूड़े के पहाड़ में तब्दील हो चुका है. सेक्टर-56 के डंपिंग यार्ड में जमा लाखों टन कूड़ा देख लोग परेशान हैं. बदबू इतनी तेज है कि बच्चों का खाना खाना और घरों में रहना मुश्किल हो गया है.
फरीदाबाद: दिल्ली के तुगलकाबाद की तरह अब फरीदाबाद के प्रतापगढ़ में भी कूड़े का पहाड़ खड़ा होता जा रहा है. सेक्टर-56 के प्रतापगढ़ में बने डंपिंग यार्ड में हर दिन डंपर भरकर कूड़ा डाल रहे हैं. धीरे-धीरे कूड़े का ढेर इतना बड़ा हो गया है कि आसपास रहने वाले हजारों लोगों का जीना मुश्किल हो गया है. स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले तीन साल से वे इस परेशानी को झेल रहे हैं.
कई बार शिकायत की, धरना-प्रदर्शन किया, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं हुआ. हालात ऐसे हैं कि बदबू के कारण बच्चे खाना तक नहीं खा पा रहे हैं. गर्मियों में घरों के अंदर रहना भी मुश्किल हो जाता है. लोग खिड़की-दरवाजे बंद करके दिन बिताने को मजबूर हैं. सर्दी का मौसम है, बदबू के कारण लोग अपने घरों में बाहर नहीं बैठ पा रहे हैं.
चार महीने से कूड़े का पहाड़
Local18 की टीम जब मौके पर पहुंची तो वहां का नजारा देखकर लोगों की परेशानी साफ दिखाई दी. छोटे बच्चे अपने हाथों से नाक और मुंह ढककर खड़े थे, वहीं महिलाओं ने बदबू से बचने के लिए दुपट्टे बांध रखे थे. कुछ देर भी डंपिंग यार्ड के आसपास खड़ा रहना मुश्किल हो रहा था. स्थानीय निवासी विनोद शर्मा ने बताया कि यहां 15 फरवरी 2023 से लगातार कूड़ा डाला जा रहा है. करीब चार महीने से कूड़े का ढेर पहाड़ का रूप ले चुका है और दिन-ब-दिन बढ़ता जा रहा है. आसपास करीब 15 हजार मकान हैं और लगभग 75 हजार लोग इस समस्या से प्रभावित हैं. यहां तीन से चार लाख टन कूड़ा जमा होने की बात भी नगर निगम की ओर से मानी गई है.
मास्क लगाकर सोने की सलाह
विनोद शर्मा ने बताया कि एक दिन पहले शाम करीब पांच बजे जब वे बाहर से लौटे तो इतनी तेज बदबू थी कि लोग खाना तक नहीं खा पाए. कई परिवारों ने रात में घर के दरवाजों के नीचे कपड़े लगाकर किसी तरह समय बिताया. मैंने पुलिस और प्रदूषण नियंत्रण विभाग को फोन किया, लेकिन उनका कहना है कि दोनों जगह से मास्क लगाकर सोने की सलाह दी गई. नगर निगम के अधिकारियों से शिकायत करने पर भी उन्हें समाधान का भरोसा नहीं मिला. विनोद का कहना है कि पहले नगर निगम के तत्कालीन कमिश्नर ने छह महीने का समय दिया था. अब स्थानीय लोग 29 तारीख के बाद डंपिंग बंद कराने और प्रोसेसिंग साइट पर ताला लगाने की बात कह रहे हैं.
लोगों के लिए रोटी खाना भी मुश्किल
स्थानीय निवासी रीता ने बताया कि मैं दो साल से यहां रह रही हूं. घर खरीदने में करीब 10 लाख रुपये लगाए, लेकिन कूड़े की बदबू ने रहना मुश्किल कर दिया है. घर में रहने के बावजूद परिवार को चैन नहीं मिलता. वहीं बबीता ने बताया कि पिछले दो-तीन दिनों से बदबू इतनी ज्यादा है कि परिवार के लोगों के लिए रोटी खाना भी मुश्किल हो गया है. बच्चे भी इससे परेशान हैं. कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं होती. नेता आते हैं, आश्वासन देकर चले जाते हैं, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है.
आसपास के बच्चों की तबीयत खराब
स्थानीय निवासी गीता ने बताया कि मैं पिछले पांच साल से यहां रह रही हूं. कूड़े के कारण आसपास के बच्चों की तबीयत खराब हो रही है और गर्मियों में बदबू और ज्यादा परेशान करती है. प्रमिला देवी ने भी बताया कि पिछले तीन साल से आसपास के लोग इस परेशानी का सामना कर रहे हैं. छोटे बच्चों के लिए यहां रहना काफी मुश्किल हो गया है.
वहीं तीसरी कक्षा में पढ़ने वाले रोहित ने बताया कि कूड़े से इतनी तेज बदबू आती है कि खाना भी नहीं खाया जाता. बदबू के कारण बाहर खेलना मुश्किल हो गया है. स्थानीय लोगों का कहना है कि बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक हर कोई इस डंपिंग यार्ड से परेशान है. अब लोगों की मांग है कि प्रशासन जल्द से जल्द कूड़ा डालना बंद कराए और जमा कूड़े को हटाने का इंतजाम करे, ताकि उन्हें इस परेशानी से राहत मिल सके.












