हरियाणा के अंबाला में बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ बिजली विभाग ने सख्त रुख अपनाया हुआ है। बिजली का बिल बचाने के चक्कर में लोग अवैध तरीके अपनाते हैं, लेकिन अब यह लापरवाही भारी पड़ रही है। अंबाला छावनी क्षेत्र में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान बिजली विभाग ने अब तक 241 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर दी है, जिससे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।
बिजली विभाग के अनुसार, अप्रैल महीने से लेकर नवंबर तक अंबाला छावनी में बिजली चोरी रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान विभागीय टीमों ने करीब 3000 से ज्यादा बिजली कनेक्शनों की जांच की। जांच में सामने आया कि बड़ी संख्या में लोग सीधे लाइन डालकर या मीटर से छेड़छाड़ कर बिजली चोरी कर रहे थे। इनमें से 241 उपभोक्ता ऐसे पाए गए, जिनके खिलाफ नियमों के तहत कानूनी कार्रवाई की गई।
इस संबंध में अंबाला छावनी बिजली विभाग के XEN ने बताया कि बिजली चोरी से न केवल विभाग को आर्थिक नुकसान होता है, बल्कि ईमानदार उपभोक्ताओं पर भी अतिरिक्त भार पड़ता है। इसी कारण विभाग अब किसी भी तरह की ढील नहीं बरत रहा है और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।
बिजली विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, यदि कोई व्यक्ति पहली बार बिजली चोरी करते पकड़ा जाता है तो उस पर जुर्माना लगाया जाता है। वहीं, दूसरी बार पकड़े जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ FIR दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाती है। इसके बावजूद अगर कोई उपभोक्ता बिजली चोरी करता हुआ पाया जाता है तो विभाग को अधिकार है कि उसका बिजली कनेक्शन स्थायी रूप से काट दिया जाए।
विभाग ने साफ कर दिया है कि आने वाले समय में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे। अधिकारियों का कहना है कि बिजली चोरी रोकने के लिए सख्ती जरूरी है, ताकि सिस्टम में पारदर्शिता बनी रहे और ईमानदार उपभोक्ताओं को राहत मिल सके। अंबाला में की गई यह कार्रवाई अब बिजली चोरी करने वालों के लिए एक कड़ा संदेश मानी जा रही है।











