हरियाणा में इन कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत, इस दिन तक फिर खुलेगा HKRNL पोर्टल, फटाफट करें ये काम

On: January 22, 2026 10:34 AM
Follow Us:
हरियाणा में इन कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत, इस दिन तक फिर खुलेगा HKRNL पोर्टल, फटाफट करें ये काम

हरियाणा सरकार ने प्रदेश के अनुबंध कर्मचारियों को बड़ी राहत देते हुए हरियाणा कौशल रोजगार निगम लिमिटेड (HKRNL) के पोर्टल को दोबारा खोलने का फैसला किया है। यह निर्णय विभिन्न विभागों, बोर्डों और निगमों की ओर से लगातार आ रहे अनुरोधों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, ताकि पात्र अनुबंध कर्मचारियों का डेटा दोबारा पोर्ट (स्थानांतरित) किया जा सके।

मुख्य सचिव कार्यालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार, 20 फरवरी 2026 तक एक विशेष विंडो खोली जाएगी। यह विंडो केवल उन्हीं विभागों, बोर्डों और निगमों के लिए उपलब्ध होगी, जिनके अनुबंध कर्मचारियों की स्वीकृति अनुबंध कर्मियों की तैनाती नीति, 2022 के तहत पहले ही वित्त विभाग से प्राप्त हो चुकी है। साफ तौर पर कहा गया है कि संबंधित विभाग को वित्त विभाग से मिली स्वीकृति की प्रति पहले HKRNL पोर्टल पर अपलोड करनी होगी, इसके बाद ही उस विभाग के लिए पोर्टल खोला जाएगा।

सरकार के आदेश के मुताबिक, HKRNL पोर्टल पर उन अनुबंध कर्मचारियों का डेटा अपलोड किया जाएगा, जिन्हें 31 मार्च 2022 या उससे पहले नियुक्त किया गया था और जो वर्तमान में सेवा में कार्यरत हैं। इस फैसले का मुख्य उद्देश्य ऐसे कर्मचारियों को हरियाणा अनुबंध कर्मचारी सेवा सुरक्षा अधिनियम, 2024 के तहत मिलने वाले लाभ सुनिश्चित करना है।

गौरतलब है कि इससे पहले सरकार ने 13 अगस्त 2024 को निर्देश जारी कर HKRNL पोर्टल को 30 सितंबर 2024 तक के लिए खोला था। उस दौरान सभी विभागों, बोर्डों और निगमों को तय समयसीमा के भीतर पात्र अनुबंध कर्मचारियों का डेटा अपलोड करने के निर्देश दिए गए थे। हालांकि, कई विभागों की ओर से डाटा अपलोड न हो पाने की शिकायतें सामने आई थीं, जिसके बाद सरकार को यह फैसला दोबारा लेना पड़ा।

इस नए निर्णय से उन हजारों अनुबंध कर्मचारियों को राहत मिलने की उम्मीद है, जिनका डेटा पहले किसी कारणवश HKRNL पोर्टल पर अपलोड नहीं हो सका था। माना जा रहा है कि पोर्टल के दोबारा खुलने से सरकार को भी अनुबंध कर्मचारियों का सटीक रिकॉर्ड तैयार करने में मदद मिलेगी और कर्मचारियों को कानून के तहत मिलने वाले अधिकारों का लाभ मिल सकेगा।

वैशाली वर्मा

वैशाली वर्मा पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 3 साल से सक्रिय है। इन्होंने आज तक, न्यूज़ 18 और जी न्यूज़ में बतौर कंटेंट एडिटर के रूप में काम किया है। अब मेरा हरियाणा में बतौर एडिटर कार्यरत है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Follow Now