Bihar News: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बांका और आसपास के क्षेत्रों में स्थित दुर्गा मंदिरों में पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने मां दुर्गा से राज्य की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। पूजा के बाद मुख्यमंत्री ने तेलडीहा दुर्गा मंदिर के समीप बदुआ नदी रिवर फ्रंट डेवलपमेंट योजना के तहत चल रहे निर्माण कार्य का निरीक्षण भी किया।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बांका जिले के तेलडीहा दुर्गा मंदिर के साथ तारापुर स्थित दुर्गा मंदिर, असरगंज गोला और प्राचीन दुर्गा मंदिर असरगंज में मां दुर्गा की पूजा की। इस दौरान मंदिरों में श्रद्धालुओं की मौजूदगी रही। मुख्यमंत्री ने राज्य के लोगों की सुख-समृद्धि और खुशहाली के लिए प्रार्थना की।
बदुआ नदी रिवर फ्रंट के निर्माण कार्य का निरीक्षण
तेलडीहा दुर्गा मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री बदुआ नदी के तट पर पहुंचे। यहां उन्होंने रिवर फ्रंट डेवलपमेंट योजना के तहत जारी निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने नदी के किनारे विकसित किए जा रहे आधुनिक रिवर फ्रंट और पक्के निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को परियोजना के तहत किए जा रहे कार्यों की प्रगति से अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्य की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को काम में तेजी लाने और गुणवत्ता का ध्यान रखते हुए इसे बेहतर ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर विधायक कुमार प्रणय और जयंत राज, पूर्व विधायक राजीव कुमार सिंह, जिला परिषद के पूर्व अध्यक्ष रविन्द्र सिंह कल्लू सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। प्रशासनिक अधिकारियों में मुंगेर प्रमंडल के आयुक्त प्रेम सिंह मीणा, मुंगेर प्रक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक राकेश कुमार, मुंगेर के जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पनिकर, बांका के जिलाधिकारी अंशुल अग्रवाल और भागलपुर की जिलाधिकारी अलंकृता पाण्डेय शामिल रहे। इसके अलावा मुंगेर के पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद, बांका के पुलिस अधीक्षक अमितेश कुमार और भागलपुर के पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव समेत अन्य गणमान्य व्यक्ति, श्रद्धालु और स्थानीय लोग भी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री के इस दौरे में धार्मिक स्थलों पर पूजा-अर्चना के साथ बदुआ नदी रिवर फ्रंट परियोजना की प्रगति की समीक्षा भी प्रमुख रही। अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने और उसे बेहतर ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए गए।








