Budget 2026: केंद्रीय बजट में हरियाणा के इन जिलों बल्ले-बल्ले! जानिए क्या-क्या हुए ऐलान?

On: February 1, 2026 1:47 PM
Follow Us:
Budget 2026

Budget 2026: केंद्र सरकार के बजट-2026 में हरियाणा को बड़ी सौगात मिली है। इस बजट से प्रदेश के कम से कम छह जिलों को सीधा लाभ मिलने जा रहा है। अंबाला, हिसार और करनाल में हवाई पट्टियों को सी-प्लेन संचालन के लिए विकसित किया जाएगा, जबकि गुरुग्राम और फरीदाबाद में विमान के पुर्जे बनाने वाले छोटे और मध्यम उद्यमों यानी MSMEs के लिए विशेष केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इसके साथ ही पंचकूला को फार्मा और बायोफार्मा हब के रूप में विकसित करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है।

बजट भाषण के दौरान पंचकूला में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मंत्रियों के साथ वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का संबोधन सुनते नजर आए। बजट में घोषित योजनाओं को हरियाणा के औद्योगिक और स्वास्थ्य सेक्टर के लिए गेम चेंजर माना जा रहा है।

पंचकूला को फार्मा हब के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां पहले से ही एसोसिएटेड बायोफार्मा, बायोफार लाइफसाइंसेज और मेडरूट्स बायोफार्मा जैसी कंपनियां टैबलेट, कैप्सूल, सिरप और जड़ी-बूटी से बनी दवाइयों का निर्माण कर रही हैं। ये दवाइयां विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के मानकों के अनुसार तैयार की जाती हैं। केंद्रीय बजट में ‘बायोफार्मा शक्ति’ योजना के तहत 10 हजार करोड़ रुपये के निवेश का प्रावधान किया गया है, जिससे हरियाणा के फार्मा सेक्टर को सीधा फायदा मिलेगा। इस निवेश से रिसर्च और घरेलू मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा मिलेगा और कैंसर, शुगर जैसी गंभीर बीमारियों के लिए सस्ती और उच्च गुणवत्ता वाली दवाइयों का उत्पादन संभव हो सकेगा।

एविएशन सेक्टर में भी हरियाणा को बड़ी राहत मिली है। सरकार ने हवाई जहाज के पार्ट्स पर लगने वाला टैक्स हटाने का फैसला किया है। इससे विमान के पुर्जे बनाने की लागत कम होगी और गुरुग्राम व फरीदाबाद में विदेशी कंपनियों के निवेश का रास्ता खुलेगा। इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और आधुनिक तकनीक सीखने का मौका मिलेगा। हरियाणा में बने एयरक्राफ्ट पार्ट्स अब वैश्विक बाजार में भी अपनी पहचान बना सकेंगे।

हिसार एयरपोर्ट को भी बजट-2026 से बड़ी ताकत मिलेगी। यहां न केवल हवाई जहाजों की मरम्मत की सुविधा विकसित की जाएगी, बल्कि विमान के पार्ट्स के निर्माण का काम भी होगा। इसके अलावा अंबाला, करनाल और हिसार की हवाई पट्टियों को सी-प्लेन के लिए तैयार किया जाएगा, जिससे क्षेत्रीय कनेक्टिविटी बेहतर होगी और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

कुल मिलाकर बजट-2026 हरियाणा के लिए औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन और स्वास्थ्य क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होता नजर आ रहा है।

वैशाली वर्मा

वैशाली वर्मा पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 3 साल से सक्रिय है। इन्होंने आज तक, न्यूज़ 18 और जी न्यूज़ में बतौर कंटेंट एडिटर के रूप में काम किया है। अब मेरा हरियाणा में बतौर एडिटर कार्यरत है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Follow Now