Haryana News:: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के चंडीगढ़ स्थित सरकारी आवास संत कबीर कुटीर और सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। इसके बाद पुलिस और खुफिया एजेंसियों में हड़कंप मच गया है। दोनों स्थानों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पूरे इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया गया।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हरियाणा सीआईडी के सीनियर अधिकारियों को एक ईमेल के जरिए यह जानकारी दी गई कि मुख्यमंत्री आवास और सचिवालय पर फिदायीन हमला किया जाएगा। जैसे ही यह ईमेल अधिकारियों को मिला, चंडीगढ़ पुलिस हरकत में आ गई और तुरंत ही दोनों जगहों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि चंडीगढ़ सचिवालय में अनाउंसमेंट कराकर पूरी बिल्डिंग को खाली करवाया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी कर्मचारी किसी भी फ्लोर पर न रुके। इसके बाद बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की मदद से दोनों जगहों पर तलाशी अभियान चलाया गया।
करीब 3 घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन में फिलहाल कोई भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति नहीं मिला है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियों ने एहतियातन जांच जारी रखने का फैसला लिया है।
यह धमकी शुक्रवार को उस वक्त मिली, जब मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी अपने सरकारी आवास पर मौजूद नहीं थे। वह रोहतक के पहरावर गांव में परशुराम जयंती पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में भाग ले रहे थे।