- मुख्यमंत्री 22 मार्च को विकसित बादशाहपुर महारैली के दौरान भेंट करेंगें चाबियां
Gurugram News (मेरा हरियाणा नेटवर्क)गुरुग्राम। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के लाभार्थियों को फ्लैटों की चाबियां प्रदान करेंगे। आगामी 22 मार्च को विकसित बादशाहपुर महारैली के दौरान वे चाबियां लाभार्थियों को देंगें। हाल ही में गुरुग्राम में योजना के तहत ड्रॉ आयोजित किया गया था, जिसमें 2709 पात्र लाभार्थियों को फ्लैट आवंटित किए गए हैं। डीसी अजय कुमार ने गुरुवार को लघु सचिवालय में आयोजित अधिकारियों की बैठक में यह जानकारी दी।हाउसिंग फॉर ऑल विभाग के आयुक्त एवं सचिव मोहम्मद शाईन तथा महानिदेशक जे गणेशन ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से कार्यक्रम की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग, हरियाणा की अतिरिक्त निदेशक वर्षा खांगवाल भी वीसी के माध्यम से बैठक में शामिल हुईं।
राज्य स्तरीय आयोजन के सफल संचालन हेतु एडीसी सोनू भट्ट की अध्यक्षता में एक कमेटी गठित की गई है
डीसी ने जिला प्रशासन की ओर से की जा रही तैयारियों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। डीसी ने बताया कि राज्य स्तरीय आयोजन के सफल संचालन हेतु एडीसी सोनू भट्ट की अध्यक्षता में एक कमेटी गठित की गई है। इस कमेटी में एसडीएम मानेसर, पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन, एडीआईओ, डीआईपीआरओ तथा उपायुक्त कार्यालय के लेखा अधिकारी को सदस्य बनाया गया है, जबकि डीटीपी (पी) को सदस्य सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का आयोजन गुरुग्राम यूनिवर्सिटी कैंपस के सामने कांकरौला के खुले मैदान में किया जाएगा, जहां तैयारियां तेजी से जारी हैं। बैठक के बाद डीसी ने बताया कि मुख्यमंत्री उन लाभार्थियों को फ्लैटों की चाबियां प्रदान करेंगे, जिन्होंने ड्रा के बाद निर्धारित सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर ली हैं। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम न केवल पात्र परिवारों के लिए अपने घर के सपने को साकार करने का महत्वपूर्ण अवसर है, बल्कि सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों की प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है। डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम में आने वाले हजारों लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध और सुचारू रूप से सुनिश्चित की जाएं।













