- शिक्षा विभाग ने मांगी डिमांड, स्कूलों को भेजनी होगी रिपोर्ट
Sirsa News(मेरा हरियाणा नेटवर्क)सिरसा। सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाली 9वीं से 12वीं कक्षा की छात्राओं को नए शैक्षणिक सत्र से पोषणयुक्त आहार उपलब्ध कराया जाएगा। राज्य सरकार की मुख्यमंत्री दुग्ध उपहार योजना के तहत अब वरिष्ठ कक्षाओं की छात्राओं को भी इस योजना का लाभ मिलेगा। शिक्षा विभाग ने इसे अप्रैल माह से लागू करने की तैयारियां शुरू कर दी हैं। अब तक मिड-डे मील योजना के तहत यह सुविधा केवल आठवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों को ही दी जाती थी, लेकिन अब इसे बढ़ाकर 12वीं कक्षा तक कर दिया गया है।
इस योजना के तहत छात्राओं को साल में कुल 150 दिन पोषणयुक्त आहार दिया जाएगा। इसमें 75 दिन फोर्टिफाइड फ्लेवर्ड दूध और 75 दिन प्रोटीन मिल्क बार वितरित किए जाएंगे, जिससे छात्राओं के पोषण स्तर में सुधार लाने का प्रयास किया जाएगा। योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए शिक्षा विभाग ने सभी सरकारी स्कूलों को विद्यालयवार और कक्षावार डिमांड तैयार करने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए विभाग की ओर से एक्सेल शीट भी भेजी गई है, जिसमें छात्राओं की संख्या का विवरण भरना होगा।
नामांकन को बनाया गया है आधार
स्कूलों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपनी डिमांड का सत्यापन कर निदेशालय को भेजें। यदि किसी स्कूल की डिमांड में कोई बदलाव होता है, तो उसे शीट में हाइलाइट कर साझा करना अनिवार्य होगा। डिमांड तैयार करते समय वर्तमान शैक्षणिक सत्र के नामांकन को आधार बनाया गया है। 8वीं कक्षा के विद्यार्थियों की संख्या को 9वीं की संभावित संख्या माना गया है, जबकि 9वीं और 11वीं के नामांकन के आधार पर 10वीं और 12वीं कक्षा की अनुमानित संख्या तय की गई है। इस योजना से छात्राओं के स्वास्थ्य और शिक्षा दोनों को मजबूती मिलने की उम्मीद है।












