हरियाणा के सरकारी कर्मचारियों के लिए खुशखबरी, रिटायर्ड कर्मियों को भी फायदा, 31 मार्च लास्ट डेट

On: February 3, 2026 8:10 AM
Follow Us:
हरियाणा रिटायर्ड कर्मियों को भी फायदा; 31 मार्च लास्ट डेट

हरियाणा के सरकारी और सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। अब वे दिल्ली में सस्ते फ्लैट खरीद सकेंगे। दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ने ‘कर्मयोगी आवास योजना 2025’ के तहत आवेदन आमंत्रित किए हैं, जिसमें हरियाणा के कर्मचारियों को भी शामिल किया गया है। इसको लेकर हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने आधिकारिक तौर पर नोटिफिकेशन जारी कर सभी विभागों और कार्यालयों को जानकारी साझा करने के निर्देश दिए हैं।

DDA के वाइस चेयरमैन एन. सरवाना कुमार द्वारा भेजे गए पत्र में बताया गया है कि इस योजना के अंतर्गत दिल्ली के नरेला क्षेत्र में पॉकेट-9, सेक्टर A-10 से A-14 में कुल 1,168 रेडीमेड फ्लैट उपलब्ध कराए जाएंगे। ये सभी फ्लैट बाजार दरों से लगभग 25 प्रतिशत तक की छूट पर दिए जा रहे हैं, जिससे सरकारी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को बड़ा फायदा मिलेगा। योजना के लिए आवेदन की अंतिम तारीख 31 मार्च 2026 निर्धारित की गई है।

मुख्य सचिव कार्यालय को पत्र मिलने के बाद यह जानकारी राज्य सरकार के विभिन्न विभागों के माध्यम से कर्मचारियों तक पहुंचा दी गई है, ताकि इच्छुक पात्र कर्मचारी समय रहते आवेदन कर सकें। DDA की यह योजना खास तौर पर केंद्र सरकार, राज्य सरकार, सरकारी उपक्रमों, सरकारी बैंकों, स्थानीय निकायों और सरकारी विश्वविद्यालयों में कार्यरत तथा सेवानिवृत्त कर्मचारियों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है।

कर्मयोगी आवास योजना के तहत एक, दो और तीन बेडरूम वाले फ्लैट उपलब्ध हैं। इन आवासीय इकाइयों में पार्किंग की सुविधा, लिफ्ट, बड़ी बालकनी, सामुदायिक केंद्र या क्लब हाउस और पर्याप्त हरा-भरा खुला स्थान दिया गया है। DDA ने यह भी स्पष्ट किया है कि आवेदक के नाम पर दिल्ली या किसी अन्य स्थान पर पहले से संपत्ति होने पर कोई रोक नहीं है। पात्रता शर्तें पूरी करने वाले आवेदक एक से अधिक फ्लैट के लिए भी आवेदन कर सकते हैं।

नरेला का यह क्षेत्र पूरी तरह से विकसित शहरी इलाके का हिस्सा है, जहां मेट्रो कनेक्टिविटी, चौड़ी सड़कें, राष्ट्रीय राजमार्ग से सीधा जुड़ाव और भविष्य में बनने वाली एजुकेशन सिटी जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। DDA के अनुसार, यह इलाका निवेश और लंबे समय के लिए आवास खरीदने के लिहाज से भी उपयुक्त माना जा रहा है।

कर्मयोगी आवास योजना 2025 के तहत रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया 19 दिसंबर 2025 से शुरू हो चुकी है, जबकि फ्लैटों की बुकिंग 14 जनवरी 2026 से जारी है। यह योजना 31 मार्च 2026 तक खुली रहेगी। इच्छुक उम्मीदवार DDA की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं, जहां योजना से जुड़ी सभी शर्तें, लेआउट प्लान और अलग-अलग कैटेगरी के फ्लैटों की कीमतों की पूरी जानकारी ब्रोशर के माध्यम से उपलब्ध कराई गई है।

6 1770031394.jpeg 7 1770031405.jpeg

वैशाली वर्मा

वैशाली वर्मा पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 3 साल से सक्रिय है। इन्होंने आज तक, न्यूज़ 18 और जी न्यूज़ में बतौर कंटेंट एडिटर के रूप में काम किया है। अब मेरा हरियाणा में बतौर एडिटर कार्यरत है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Follow Now