हरियाणा के पुलिस महानिदेशक (DGP) ओ.पी. सिंह ने प्रदेश की पुलिस को एक स्पष्ट और सख्त निर्देश जारी किया है। रविवार की सुबह डीजीपी ने पुलिस चौकी इंचार्ज से लेकर एडीजीपी रैंक के सभी अधिकारियों को लिखे एक पत्र में निर्देश दिया है कि हरियाणा से ‘गैंग कल्चर’ को पूरी तरह से खत्म किया जाए। इसके लिए उन्होंने उन गायकों (सिंगर्स) पर सीधी कार्रवाई का आदेश दिया है, जो पैसे और दबदबे के चक्कर में गैंगस्टर जीवनशैली को अपने संगीत और वीडियो के जरिए युवाओं के बीच प्रचारित कर रहे हैं।
‘गायकों को अपराधी की तरह देखें और करें कठोर कार्रवाई’
डीजीपी ओ.पी. सिंह ने अपने पत्र में पुलिस अधिकारियों को संदेश देते हुए कहा कि ऐसे गायकों को अपराधी की तरह ही देखा जाएऔर उनके खिलाफ कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि ये वे लोग हैं जो युवाओं को दी गई माता-पिता की सीख, शिक्षकों की पढ़ाई और समाज के अनुशासन को मिनटों में हवा कर देते हैं। उनके गाने और वीडियो युवा पीढ़ी को गलत रास्ते पर डाल रहे हैं।

ऑपरेशन ट्रैकडाउन की सफलता के बाद नई पहल
यह निर्देश ऐसे समय में आया है जब हरियाणा पुलिस की ओर से ऑपरेशन ट्रैकडाउन को काफी सफलता मिली है। इस ऑपरेशन में बड़ी संख्या में बाहर भागे अपराधी और गैंगस्टर पकड़े गए हैं। डीजीपी ने इस सफलता का जिक्र करते हुए अब गैंग कल्चर की जड़ पर प्रहार करने का संकल्प जताया है। उनका मानना है कि केवल अपराधियों को पकड़ना ही काफी नहीं है, बल्कि उस कल्चर को खत्म करना जरूरी है जो युवाओं को अपराध की दुनिया में खींच रहा है।
युवाओं को गलत राह दिखाने वालों पर निशाना
इस कदम का उद्देश्य उन तत्वों पर अंकुश लगाना है, जो संगीत के माध्यम से युवाओं के मन में गैंगस्टर संस्कृति और अपराधी जीवनशैली को रोमांटिकाइज कर रहे हैं। पुलिस प्रमुख का यह फैसला युवाओं को सही दिशा देने और समाज में कानून का शासन मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अब देखना यह है कि हरियाणा पुलिस इस निर्देश को जमीन पर कैसे उतारती है।













