Haryana Monsoon Update: हरियाणा में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने वाला है। मौसम विभाग ने 15 सितंबर को प्रदेश के 8 जिलों — पंचकूला, यमुनानगर, अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, पानीपत और सोनीपत — में बूंदाबांदी की संभावना जताई है। इसके अलावा बाकी जिलों में मौसम साफ रहेगा। वहीं पंचकूला में आज सुबह से बारिश हो रही है, जिससे कई जगहों पर सड़कों पर जलभराव देखने को मिला।
आईएमडी चंडीगढ़ के मुताबिक, 16 सितंबर तक हरियाणा में मौसम साफ रहने का अनुमान है। हालांकि इसके बाद मानसून की सक्रियता फिर से बढ़ेगी और 17 सितंबर को पूरे प्रदेश में बारिश की संभावना है। इस दिन पंचकूला और यमुनानगर में तेज बारिश हो सकती है जबकि अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, पानीपत, सोनीपत, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात और पलवल में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के मौसम विभाग अध्यक्ष डॉ. मदनलाल खीचड़ ने बताया कि 16 सितंबर के बाद से उत्तरी हरियाणा में बारिश का आंकड़ा बढ़ने की उम्मीद है।
अब तक की बारिश की स्थिति
हरियाणा में इस सीजन में अब तक सामान्य से 43% ज्यादा बरसात दर्ज की जा चुकी है।
सबसे ज्यादा बारिश: यमुनानगर (1080 मिमी)
सबसे कम बारिश: सिरसा (346 मिमी)
कुरुक्षेत्र में सामान्य से 100% ज्यादा, फतेहाबाद में 141% ज्यादा और महेंद्रगढ़ में 119% ज्यादा बरसात हुई है।