Haryana Municipal Election 2026: हरियाणा में नए साल 2026 की शुरुआत के साथ ही शहरी स्थानीय निकाय चुनाव होने जा रहे हैं। इसे लेकर सरकार और भाजपा संगठन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। वहीं शहरी स्थानीय निकाय विभाग भी वार्डबंदी की प्रक्रिया को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है। ताजा स्थिति के अनुसार प्रदेश के छह शहरी निकायों में वार्डबंदी पूरी हो चुकी है, जिनमें से तीन निकायों में वार्डों का आरक्षण भी तय कर दिया गया है।
अधिसूचना जारी, आरक्षण प्रक्रिया जल्द
शहरी स्थानीय निकाय विभाग ने जिन निकायों में वार्डबंदी का काम पूरा हो चुका है, उनकी अधिसूचना जारी कर दी है। अब अगले चरण में नगर निगमों के मेयर पद, नगर परिषदों और नगर पालिकाओं के अध्यक्ष पदों के आरक्षण को लेकर फैसला लिया जाएगा। माना जा रहा है कि यह प्रक्रिया भी जल्द पूरी कर ली जाएगी, जिससे चुनावी प्रक्रिया को गति मिलेगी।
वार्डों की संख्या हुई तय
जारी अधिसूचना के अनुसार नगर परिषद रेवाड़ी में कुल 32 वार्ड बनाए गए हैं और उनकी सीमाएं निर्धारित कर दी गई हैं। वहीं नगर निगम सोनीपत में 22 वार्ड और नगर निगम अंबाला में 20 वार्ड तय किए गए हैं। इन दोनों नगर निगमों में भी वार्डों की सीमाएं पूरी तरह फाइनल हो चुकी हैं और इन्हीं सीमाओं के आधार पर आगामी निकाय चुनाव कराए जाएंगे।
इन तीन निकायों में आरक्षण फाइनल
वार्डबंदी के साथ-साथ कुछ निकायों में वार्डों का आरक्षण भी तय कर दिया गया है। इनमें रेवाड़ी की धारूहेड़ा नगर परिषद, रोहतक की सांपला नगर पालिका और हिसार की उकलाना नगर पालिका शामिल हैं। आरक्षण की प्रक्रिया पूरी होने से इन क्षेत्रों में चुनावी गतिविधियां और तेज होने की उम्मीद है।
वार्डबंदी अभी अधूरी
हालांकि नगर निगम पंचकूला में अभी तक वार्डबंदी को अंतिम रूप नहीं दिया जा सका है। इस संबंध में शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल ने कहा है कि सभी नगर निगमों में वार्डबंदी का काम लगभग पूरा हो चुका है और समय पर चुनाव कराए जाएंगे। पंचकूला में भी जल्द प्रक्रिया पूरी होने की संभावना जताई जा रही है।
तीन नगर निगमों का कार्यकाल होगा समाप्त
जानकारी के अनुसार अंबाला, सोनीपत और पंचकूला नगर निगमों का कार्यकाल जनवरी 2026 में समाप्त हो रहा है। मुख्यमंत्री के साथ मंत्रियों और विधायकों की बैठक में इन तीनों नगर निगमों के चुनाव को लेकर चर्चा हो चुकी है। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि चुनाव प्रक्रिया साल 2025 के अंत तक शुरू हो सकती है।
कांग्रेस की तैयारी कमजोर
निकाय चुनावों को लेकर जहां भाजपा की तैयारियां तेज दिखाई दे रही हैं, वहीं कांग्रेस की तैयारियां फिलहाल कमजोर नजर आ रही हैं। इन नगर निगमों के साथ-साथ रेवाड़ी नगर परिषद, सांपला नगर पालिका (रोहतक) और उकलाना नगर पालिका (हिसार) का कार्यकाल भी समाप्त होने वाला है, जिससे इन क्षेत्रों में भी चुनाव होना तय माना जा रहा है।













