Haryana Municipal Election: अंबाला, सोनीपत और पंचकूला नगर निगम चुनाव की तैयारी तेज, फरवरी में हो सकता है मतदान

On: January 9, 2026 9:02 AM
Follow Us:
Haryana Municipal Election

Haryana Municipal Election: हरियाणा में अंबाला, सोनीपत और पंचकूला नगर निगम चुनाव को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसकी मुख्य वजह इन तीनों नगर निगमों का कार्यकाल पूरा होना है। पंचकूला नगर निगम का कार्यकाल 4 जनवरी, सोनीपत का 12 जनवरी और अंबाला नगर निगम का कार्यकाल 13 जनवरी को समाप्त हो रहा है।

कार्यकाल समाप्त होने के चलते शहरी एवं स्थानीय निकाय विभाग जल्द ही इसकी औपचारिक सूचना राज्य चुनाव आयोग (SEC) को भेजने जा रहा है। विभाग ने चुनाव प्रक्रिया को लेकर तैयारी शुरू कर दी है और जल्द ही इस विषय पर शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक भी होने वाली है।


22 जनवरी को होगा रोटेशन और ड्रा ऑफ लॉट

नगर निगम चुनाव को लेकर विभाग ने वार्डबंदी का काम पूरा कर लिया है। विभागीय सूत्रों के अनुसार 22 जनवरी को वार्डों के रोटेशन और आरक्षण का ड्रा ऑफ लॉट जारी किया जाएगा।

सोनीपत, अंबाला और पंचकूला में वार्ड आरक्षण की प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है। कुछ क्षेत्रों में आपत्तियां सामने आई हैं, लेकिन अधिकारियों का कहना है कि सभी विवादों का समय रहते समाधान कर लिया जाएगा।


फरवरी में कराए जा सकते हैं चुनाव

सूत्रों के मुताबिक सरकार फरवरी में ही नगर निगम चुनाव कराने की तैयारी में है। मार्च में स्कूलों की परीक्षाएं शुरू हो जाती हैं, इसलिए प्रशासन चाहता है कि उससे पहले मतदान प्रक्रिया पूरी कर ली जाए।

फिलहाल तीनों नगर निगमों में भाजपा के मेयर हैं। ऐसे में भाजपा अपनी सीटें बचाने की रणनीति पर काम कर रही है, वहीं कांग्रेस भी सिंबल पर उम्मीदवार उतारकर मुकाबले को मजबूत करने की तैयारी में है।


भाजपा और कांग्रेस दोनों सक्रिय

नगर निकाय चुनाव को लेकर भाजपा ने तैयारियां पहले ही शुरू कर दी हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी खुद चुनावी रणनीति पर नजर बनाए हुए हैं और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ लगातार संवाद कर रहे हैं।

वहीं कांग्रेस पार्टी ने भी तीनों नगर निगम चुनावों को लेकर विशेष कमेटी का गठन कर दिया है और संगठन स्तर पर सक्रियता बढ़ा दी गई है।


इन निकायों में भी पूरी हुई चुनावी प्रक्रिया

नगर निगमों के साथ-साथ अन्य शहरी निकायों में भी वार्ड आरक्षण की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। इनमें शामिल हैं—


नगर निगम और परिषदों की स्थिति

  • अंबाला नगर निगम:
    आबादी – 2,71,068 | वार्ड – 20

  • पंचकूला नगर निगम:
    आबादी – 2,91,224 | वार्ड – 20

  • सोनीपत नगर निगम:
    आबादी – 4,05,275 | वार्ड – 22

  • रेवाड़ी नगर परिषद:
    आबादी – 1,62,781 | वार्ड – 32

  • धारूहेड़ा नगर पालिका:
    आबादी – 32,888 | वार्ड – 18

  • सांपला नगर पालिका (रोहतक):
    आबादी – 25,153 | वार्ड – 18

  • उकलाना नगर पालिका (हिसार):
    आबादी – 21,381 | वार्ड – 18


क्या बोले अधिकारी

शहरी स्थानीय निकाय विभाग के निदेशक अशोक मीणा ने बताया कि विभाग की ओर से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जल्द ही इसकी जानकारी राज्य चुनाव आयोग को भेज दी जाएगी। इसके बाद चुनाव की तारीख तय करना आयोग के अधिकार क्षेत्र में होगा।

वैशाली वर्मा

वैशाली वर्मा पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 3 साल से सक्रिय है। इन्होंने आज तक, न्यूज़ 18 और जी न्यूज़ में बतौर कंटेंट एडिटर के रूप में काम किया है। अब मेरा हरियाणा में बतौर एडिटर कार्यरत है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Follow Now

और पढ़ें