Haryana News: हरियाणा के अंबाला शहर के गुरु नानक नगर इलाके में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। जहां पर 32 वर्षीय विवाहिता हिना की उसके पति बंटी ने चाकुओं से वार कर हत्या कर दी। आरोप है कि पति अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था, जिसके चलते दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। वारदात के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
अंबाला शहर के गुरु नानक नगर इलाके में पति-पत्नी के बीच चल रहा विवाद खूनी वारदात में बदल गया। आरोप है कि चरित्र पर शक के चलते पति बंटी ने अपनी 32 वर्षीय पत्नी हिना पर चाकुओं से कई वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका के भाई नन्नू के मुताबिक, हिना और बंटी के बीच अक्सर झगड़ा होता था। नन्नू ने बताया कि जब दोनों के बीच विवाद हुआ, उस समय वह दूसरे कमरे में मौजूद था। शोर सुनकर जब वह कमरे में पहुंचा तो उसकी बहन हिना गंभीर हालत में पड़ी थी और बंटी वहां से फरार हो चुका था।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। पुलिस ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए और महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया। पुलिस के मुताबिक आरोपी बंटी वारदात के बाद से फरार है। उसकी तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं और पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पति-पत्नी के बीच विवाद की वजह और हत्या से जुड़े अन्य पहलुओं को भी जांच में शामिल किया गया है।









