Ratia Tehsil Office: हरियाणा के फतेहाबाद जिले के रतिया तहसील कार्यालय से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां एंटी करप्शन ब्यूरो (विजिलेंस) की टीम ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए तहसील में तैनात रजिस्ट्री क्लर्क बलविंदर को 4 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। बता दें, टीम का नेतृत्व इंस्पेक्टर मनमोहन सिंह ने किया। जानकारी के अनुसार, क्लर्क ने एक किसान की दादालाई गांव की जमीन का इंतकाल (नामांतरण) दर्ज कराने के बदले 29 हजार रुपये की मांग की थी। जिसके बाद चार हजार रुपये में सौदा तय किया।
कन्वेयंस डीड तैयार करने के बदले मांगी थी रिश्वत
शिकायतकर्ता ने एसीबी को शिकायत दी थी कि तहसील रतिया में रजिस्ट्री क्लर्क के पद पर तैनात बलविंदर द्वारा उसकी अतिरिक्त भूमि की कन्वेयंस डीड तैयार करने के एवज में 4,000 रुपये रिश्वत की मांग की जा रही थी। शिकायत प्राप्त होने के बाद एसीबी की टीम ने मामले का नियमानुसार सत्यापन किया और इसके बाद ट्रैप कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान आरोपी बलविंदर को गिरफ्तार किया गया। यह ट्रैप कार्रवाई राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, यूनिट फतेहाबाद की टीम द्वारा की गई। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत थाना राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, हिसार में मामला दर्ज किया गया है। मामले में आगामी जांच नियमानुसार जारी है।
भ्रष्टाचार संबंधी शिकायत के लिए एसीबी से संपर्क करें
राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी सरकारी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी सूचना तुरंत एसीबी को दें। भ्रष्टाचार संबंधी शिकायत टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064 अथवा 1800-180-2022 पर दी जा सकती है। इसके अतिरिक्त, व्हाट्सऐप हेल्पलाइन नंबर 94178-91064 या “सतर्क-हरियाणा” ऐप पर भी शिकायत दर्ज करवाई जा सकती है।









