चंडीगढ़। हरियाणा के राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) कर्मचारियों को लंबे इंतजार के बाद बड़ी राहत मिली है। पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के आदेश के बाद राज्य सरकार ने एनएचएम कर्मचारियों का महंगाई भत्ता (DA) बढ़ाने का फैसला लिया है। मिशन निदेशक एनएचएम हरियाणा की ओर से जारी आदेश के अनुसार कर्मचारियों को यह लाभ तीन चरणों में मिलेगा।
तीन चरणों में मिलेगा डीए का फायदा
01 जनवरी 2024 से : 230% से बढ़ाकर 239%
01 जुलाई 2024 से : 239% से बढ़ाकर 246%
01 जनवरी 2025 से : 246% से बढ़ाकर 252%
इस फैसले से करीब 14 हजार से अधिक NHM कर्मचारी लाभान्वित होंगे।
सिर्फ याचिकाकर्ताओं को मिलेगा फायदा
सरकारी आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यह राहत फिलहाल उन्हीं कर्मचारियों को मिलेगी, जिन्होंने हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी या फिर जो समान मामलों में याचिकाकर्ता हैं। यदि भविष्य में अदालत अपने आदेश को बदलती है, तो संबंधित कर्मचारियों को दी गई राशि वापस करनी होगी।
कर्मचारियों ने फैसले का किया स्वागत
एनएचएम कर्मचारी संगठनों ने इस फैसले का स्वागत किया है। उनका कहना है कि यह राहत लंबे संघर्ष और अदालत के आदेशों के बाद मिली है। कर्मचारियों का मानना है कि इस फैसले से उन्हें आर्थिक रूप से बड़ी मदद मिलेगी और उनकी पुरानी मांग आंशिक रूप से पूरी हुई है।













