Haryana: हरियाणा के इस जिले में बनेगा नर्सिंग कॉलेज, सीएम सैनी ने की घोषणा

On: April 12, 2026 1:50 AM
Follow Us:

Haryana News: हरियाणा के कुरुक्षेत्र में मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि राज्य सरकार महात्मा ज्योतिबा फुले के विचारों को अपनाकर हरियाणा को शिक्षित, स्वस्थ, सुरक्षित और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि फुले का जीवन और दर्शन समाज को समानता, न्याय और समरसता की राह दिखाता है।

शनिवार को बाबैन में आयोजित ‘महात्मा ज्योतिबा फुले जयंती समारोह’ में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने सावित्रीबाई फुले के नाम पर ‘सावित्रीबाई ज्योतिबा फुले ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस’ की आधारशिला भी रखी। इस मौके पर कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा भी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास से जुड़े कई बड़े ऐलान किए। उन्होंने बाबैन में नर्सिंग कॉलेज खोलने की घोषणा की, साथ ही मथाना-बाबैन रोड को 5.5 मीटर से बढ़ाकर 7 मीटर चौड़ा करने का भी ऐलान किया, जिस पर करीब 13.38 करोड़ रुपये खर्च होंगे। संस्था को आर्थिक मजबूती देने के लिए मुख्यमंत्री ने अपने ऐच्छिक कोष से 51 लाख रुपये देने की घोषणा की, जबकि कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा और कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी की ओर से 11-11 लाख रुपये देने का संकल्प लिया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महात्मा फुले और सावित्रीबाई फुले सामाजिक क्रांति के अग्रदूत थे, जिन्होंने बाल विवाह, छुआछूत और अशिक्षा जैसी कुरीतियों के खिलाफ संघर्ष किया। उन्होंने पुणे में देश का पहला बालिका विद्यालय खोलकर शिक्षा का जो दीप जलाया, वही आज बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के रूप में आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने बताया कि सरकार ‘संत-महापुरुष विचार प्रसार एवं सम्मान योजना’ के जरिए महापुरुषों के विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचा रही है। साथ ही नवस्थापित संस्थान से निकलने वाले युवाओं को राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की प्रेरणा दी।

सैनी समाज के योगदान का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने मेजर ध्यानचंद और नेक चंद जैसी हस्तियों को समाज की धरोहर बताया। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों और समाज के अन्य योगदानकर्ताओं को भी नमन किया।

सरकार की उपलब्धियों पर बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र पर चलते हुए 217 संकल्पों में से 62 एक वर्ष में पूरे किए जा चुके हैं। क्रीमीलेयर सीमा 6 लाख से बढ़ाकर 8 लाख रुपये की गई है और 1.80 लाख से कम आय वाले परिवारों की 10 लाख महिलाओं को 1,038 करोड़ रुपये की सहायता दी गई है।

वहीं, PM विश्वकर्मा योजना के तहत 30 हजार से अधिक शिल्पकारों को प्रशिक्षण और 50 करोड़ रुपये तक का ऋण दिया गया है। पिछड़ा वर्ग के छात्रों को छात्रवृत्ति और 20 लाख रुपये तक का सस्ता ऋण भी उपलब्ध कराया जा रहा है।

इस अवसर पर कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि सरकार महात्मा फुले के विचारों पर चलते हुए महिला सशक्तिकरण और शिक्षा को प्राथमिकता दे रही है। कार्यक्रम में कई गणमान्य व्यक्ति और समाज के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

वैशाली वर्मा

वैशाली वर्मा पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 3 साल से सक्रिय है। इन्होंने आज तक, न्यूज़ 18 और जी न्यूज़ में बतौर कंटेंट एडिटर के रूप में काम किया है। अब मेरा हरियाणा में बतौर एडिटर कार्यरत है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Follow Now