Haryana School Closed: हरियाणा के स्कूली बच्चों के लिए बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। जिला महेंद्रगढ़ में 23 जनवरी, शुक्रवार को सर छोटू राम जयंती और बसंत पंचमी के अवसर पर राजकीय और अराजकीय सभी विद्यालयों में राजपत्रित अवकाश रहेगा। इसको लेकर खंड शिक्षा अधिकारी (BEO), नारनौल की ओर से सभी स्कूल प्राचार्यों और विद्यालय मुखियाओं को स्पष्ट निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
जारी आदेश के अनुसार, 23 जनवरी को किसी भी परिस्थिति में विद्यार्थियों को विद्यालय नहीं बुलाया जाएगा। यह निर्देश न केवल शैक्षणिक गतिविधियों पर लागू होगा, बल्कि गैर-शैक्षणिक गतिविधियों के लिए भी छात्रों को स्कूल बुलाने पर पूरी तरह रोक रहेगी। शिक्षा विभाग ने साफ किया है कि अवकाश के दिन छात्रों की उपस्थिति सुनिश्चित करना नियमों का उल्लंघन माना जाएगा।
खंड शिक्षा अधिकारी द्वारा यह भी उल्लेख किया गया है कि पूर्व में कुछ विद्यालयों द्वारा राजपत्रित अवकाश, स्थानीय अवकाश, द्वितीय शनिवार या अन्य घोषित छुट्टियों के दौरान पढ़ाई या अन्य गतिविधियों के नाम पर विद्यार्थियों को स्कूल बुलाने के मामले सामने आए हैं, जो कि शिक्षा विभाग के नियमों के खिलाफ है। ऐसे मामलों को गंभीरता से लेते हुए इस बार सख्त चेतावनी जारी की गई है।
आदेशों की अवहेलना पर होगी कार्रवाई
शिक्षा विभाग ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि यदि किसी भी विद्यालय द्वारा इन आदेशों की अवहेलना की जाती है, तो संबंधित विद्यालय का मामला उच्च अधिकारियों के पास भेजा जाएगा। इसके बाद विद्यालय प्रबंधन और मुखिया के खिलाफ विभागीय और प्रशासनिक कार्रवाई की जा सकती है। ऐसी स्थिति में पूरी जिम्मेदारी संबंधित विद्यालय मुखिया की होगी।
इस आदेश के बाद महेंद्रगढ़ जिले के छात्रों और अभिभावकों ने राहत की सांस ली है। अब छात्र बिना किसी असमंजस के 23 जनवरी को सर छोटू राम जयंती और बसंत पंचमी का पर्व मना सकेंगे।
देखें आदेश













