हरियाणा सरकार का बड़ा फ़ैसला, हर गांव में खुलेगा युवाओं के लिए क्लब, सिर्फ़ ये लोग होंगे शामिल

On: October 6, 2025 11:25 AM
Follow Us:
हरियाणा सरकार का बड़ा फ़ैसला, हर गांव में खुलेगा युवाओं के लिए क्लब

हरियाणा सरकार ने युवाओं को संगठित कर उन्हें ग्रामीण विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए एक महत्वाकांक्षी योजना की शुरुआत की है। इस योजना के तहत प्रदेश के सभी 7356 गांवों में युवा मंडलों का नेटवर्क तैयार किया जाएगा। सरकार का लक्ष्य है कि 31 दिसंबर 2025 तक प्रत्येक जिले में 250 युवा क्लब गठित किए जाएं। इस पहल से पूरे प्रदेश में लगभग 5500 नए यूथ क्लब अस्तित्व में आएंगे।

कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण निदेशालय ने सभी जिला युवा समन्वयक अधिकारियों और ITI प्रधानाचार्यों को तुरंत कार्य शुरू करने के निर्देश दिए हैं।


सरकारी योजनाएं पहुंचेंगी गांव-गांव

योजना युवा अधिकारिता एवं उद्यमिता विभाग के अंतर्गत संचालित की जा रही है। इसका उद्देश्य युवाओं को सामाजिक, सांस्कृतिक और विकासात्मक गतिविधियों से जोड़कर उनमें नेतृत्व क्षमता और सेवा भाव का विकास करना है। युवा मंडलों के माध्यम से सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाया जाएगा।

साथ ही समाज में व्याप्त कुरीतियों जैसे नशा, कन्या भ्रूण हत्या और अंधविश्वास के खिलाफ जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इन मंडलों द्वारा नुक्कड़ नाटक, सेमिनार, पौधारोपण, स्वच्छता अभियान, रक्तदान शिविर, महिला कार्यशालाएं और देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।


सदस्यता की शर्तें

  • आयु सीमा: 15 से 29 वर्ष (1 अप्रैल 2025 को)
  • हर क्लब में: 10 से 20 सदस्य
  • 20% सदस्य अनिवार्य रूप से अनुसूचित जाति या पिछड़ा वर्ग से होंगे
  • सभी सदस्यों का ‘माई भारत पोर्टल’ पर पंजीकरण अनिवार्य
  • पुरस्कार विजेता युवाओं को प्राथमिकता
  • क्लब गठन में गांव के सरपंच और पंच की उपस्थिति अनिवार्य

पंजीकरण और वित्तीय सहायता

  • क्लबों को हरियाणा सोसायटीज रजिस्ट्रेशन एक्ट, 2012 के तहत ₹100 में पंजीकरण कराना होगा
  • सक्रिय क्लबों को ₹500 प्रतिमाह की वित्तीय सहायता दी जाएगी
  • शर्तें:
    • हर महीने कम से कम एक बैठक और दो सामाजिक गतिविधियों का आयोजन
    • रिपोर्ट समय पर विभाग को भेजना आवश्यक
    • सहायता राशि DBT के माध्यम से सीधे क्लब के खाते में भेजी जाएगी

निगरानी और समिति गठन

हर जिले में डिप्टी कमिश्नर (DC) की अध्यक्षता में समिति गठित की जाएगी। इसमें शामिल होंगे:

  • नोडल प्रिंसिपल (सदस्य सचिव)
  • जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी (सदस्य)

समिति सुनिश्चित करेगी कि:

  • तय समय में लक्ष्य पूरा हो
  • केवल योग्य और सक्रिय युवक-युवतियां ही क्लब से जुड़ें
  • क्लब पूरी तरह गैर-राजनीतिक रहें

यह पहल ग्रामीण युवाओं को अपने गांवों के विकास में सक्रिय भागीदार बनाने और उनकी प्रतिभा दिखाने का अवसर देगी। युवा मंडलों के माध्यम से वे सामाजिक गतिविधियों और सरकारी योजनाओं में सक्रिय रूप से योगदान देंगे।

वैशाली वर्मा

वैशाली वर्मा पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 3 साल से सक्रिय है। इन्होंने आज तक, न्यूज़ 18 और जी न्यूज़ में बतौर कंटेंट एडिटर के रूप में काम किया है। अब मेरा हरियाणा में बतौर एडिटर कार्यरत है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Follow Now