Haryana News: पंचकूला स्थित मनसा देवी मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को सरकार ने रविवार को बड़ी सहूलियत दी। मंदिर परिसर में ही शिकायत और एफआईआर संबंधी सुविधा देने के लिए हरियाणा की पहली टूरिस्ट पुलिस पोस्ट शुरू की गई है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को इसका उद्घाटन किया। इस सुविधा की वजह से अब पंचकूला स्थित माता मनसा देवी मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को शिकायत दर्ज कराने के लिए अब थाने तक नहीं जाना पड़ेगा।
पोस्ट पर मिलेगी जरूरी जानकारी
टूरिस्ट पुलिस पोस्ट पर श्रद्धालुओं को दर्शन की कतार, प्रसाद, लंगर, जूता घर और पार्किंग के साथ बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन तथा ऑटो-ई-रिक्शा की सुविधा के बारे में जानकारी मिलेगी। दूसरे राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं की मदद के लिए जवानों को संवाद और व्यवहार का विशेष प्रशिक्षण दिया गया है। उनकी अलग वर्दी होगी, ताकि जरूरत पड़ने पर उन्हें आसानी से पहचाना जा सके। यहां 20 विशेष रूप से प्रशिक्षित जवान तैनात रहेंगे और 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों से मंदिर परिसर की निगरानी होगी।
100 कैमरों से होगी लाइव निगरानी
मंदिर स्थित कंट्रोल रूम से 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की लाइव निगरानी की जाएगी। इससे संदिग्ध गतिविधियों, जेबकतरों और चेन स्नैचिंग जैसी घटनाओं पर नजर रखने में मदद मिलेगी। गुमशुदगी या सामान खोने की शिकायत भी मंदिर परिसर में दर्ज कराई जा सकेगी। पहले ऐसी शिकायतों के लिए श्रद्धालुओं को करीब दो किलोमीटर दूर स्थित माता मनसा देवी थाने जाना पड़ता था।







