हरियाणा में HPSC का 927 कैंडिडेट को झटका, ट्रेजरी अफसर और असिस्टेंट ट्रेजरी अफसर भर्ती का परिणाम किया विड्रा

On: January 16, 2026 9:09 AM
Follow Us:
हरियाणा

हरियाणा लोक सेवा आयोग (HPSC) ने ट्रेजरी अफसर और असिस्टेंट ट्रेजरी अफसर भर्ती परीक्षा का 19 नवंबर को जारी किया गया परिणाम वापस ले लिया है। आयोग ने यह फैसला सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के अनुपालन में लिया है। परिणाम विड्रा होने के बाद प्री एग्जाम पास कर चुके 927 अभ्यर्थियों में अनिश्चितता का माहौल बन गया है, क्योंकि इससे पहले जनवरी में प्रस्तावित मुख्य परीक्षा को भी स्थगित किया जा चुका था।

HPSC की ओर से जारी आधिकारिक नोटिफिकेशन में बताया गया है कि 2 नवंबर को आयोजित प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम 19 नवंबर को घोषित किया गया था, लेकिन अब सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के चलते आयोग ने इस परिणाम को विड्रा कर लिया है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि अभ्यर्थियों को आगे की भर्ती प्रक्रिया के लिए नए दिशा-निर्देशों और नोटिफिकेशन का इंतजार करना होगा।

गौरतलब है कि यह भर्ती प्रक्रिया वर्ष 2023 में शुरू की गई थी। HPSC ने ट्रेजरी अफसर के 5 पदों और असिस्टेंट ट्रेजरी अफसर के 30 पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए थे। आवेदन की अंतिम तिथि 28 अप्रैल 2023 निर्धारित की गई थी। ट्रेजरी अफसर के पदों में जनरल वर्ग के लिए 2, अनुसूचित जाति के लिए 1, बीसीए के लिए 1 और ईडब्ल्यूएस के लिए 1 पद आरक्षित था, जबकि असिस्टेंट ट्रेजरी अफसर के 30 पदों में जनरल के लिए 16, एससी के लिए 6, बीसीए के लिए 4, बीसीबी के लिए 1 और ईडब्ल्यूएस के लिए 3 पद तय किए गए थे। सभी पदों के लिए न्यूनतम योग्यता स्नातक डिग्री रखी गई थी।

आयोग द्वारा घोषित किए गए परिणाम के अनुसार ट्रेजरी अफसर के 5 पदों के लिए 83 अभ्यर्थी और असिस्टेंट ट्रेजरी अफसर के 30 पदों के लिए 843 अभ्यर्थी प्रारंभिक परीक्षा में सफल घोषित किए गए थे। इस तरह कुल 927 उम्मीदवार मुख्य परीक्षा के लिए चयनित हुए थे। हालांकि अब परिणाम वापस लिए जाने के बाद इन सभी अभ्यर्थियों को नई अधिसूचना और परीक्षा कार्यक्रम का इंतजार करना पड़ेगा।

परिणाम में यह भी सामने आया था कि ट्रेजरी अफसर भर्ती में 8 अभ्यर्थी ऐसे थे, जो रिजर्व कैटेगरी से होने के बावजूद जनरल कटऑफ में शामिल हुए थे। वहीं असिस्टेंट ट्रेजरी अफसर भर्ती में 164 अभ्यर्थी रिजर्व कैटेगरी से जनरल सूची में पहुंचे थे। अब परिणाम विड्रा होने से सभी वर्गों के उम्मीदवारों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है और सभी की नजरें HPSC के अगले फैसले पर टिकी हैं।

वैशाली वर्मा

वैशाली वर्मा पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 3 साल से सक्रिय है। इन्होंने आज तक, न्यूज़ 18 और जी न्यूज़ में बतौर कंटेंट एडिटर के रूप में काम किया है। अब मेरा हरियाणा में बतौर एडिटर कार्यरत है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Follow Now