हरियाणा में महिलाओं को डबल फायदा, लाडो लक्ष्मी योजना के साथ दूसरी योजनाओं का लाभ भी जारी रहेगा: cm सैनी

On: September 8, 2026 12:26 AM
Follow Us:

Haryana News: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार ने दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना प्रदेश की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए शुरू की है और इस योजना का लाभ लेने वाली अथवा इसके लिए पंजीकरण करवाने वाली किसी भी माता-बहन को किसी भी अन्य सरकारी योजना के लाभ से वंचित नहीं किया जाएगा। इस योजना का लाभ लेने के लिए पहले परिवार की अधिकतम आय 1 लाख रुपये होने की शर्त थी जिसे अब बढ़ाकर 1.80 लाख रुपये किया जा रहा है ताकि अधिक से अधिक महिलाओं को इस योजना का लाभ मिल सके।

मुख्यमंत्री ने बताया कि कुछ विपक्षी दलों के नेता महिलाओं के बीच यह भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे हैं कि यदि महिलाओं ने लाडो लक्ष्मी योजना के लिए पंजीकरण किया तो उनके अन्य पेंशन जैसे लाभ बंद हो जाएंगे लेकिन इस बात में कोई सच्चाई नहीं है। लाडो लक्ष्मी योजना के लिए पंजीकरण करवाने अथवा इस योजना का लाभ लेने वाली सभी माताओं-बहनों को अन्य सभी योजनाओं के लाभ पहले की तरह ही मिलते रहेंगे।

नायब सिंह सैनी ने बताया कि चुनाव से पहले उनके द्वारा लिए गए 217 संकल्पों में यह एक संकल्प भी शामिल था कि सरकार बनते ही गरीब परिवारों की माताओं-बहनों को प्रतिमाह 2100 रुपये की आर्थिक मदद शुरू की जाएंगी। सरकार बनने के बाद पहले ही बजट में उन्होंने इस योजना के लिए 5000 करोड़ रुपये के बजट का प्रावधान किया और 1 लाख रुपये प्रतिवर्ष आमदनी वाले परिवारों की माताओं-बहनों को 2100 रुपये देने शुरू किए। इस समय प्रदेश की लगभग 10 लाख महिलाओं के बैंक खातों में इस योजना के तहत 2000 करोड़ रुपये से अधिक की राशि भिजवाई जा चुकी है। इतना ही नहीं, सरकार ने अपने दूसरे बजट में इस योजना के तहत 6500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि अब सरकार ने निर्णय लिया है कि इस योजना में 1.80 लाख रुपये सालाना आमदनी वाले परिवारों की माताओं-बहनों को भी इस योजना में शामिल किया जाएगा। इसके लिए जल्द ही रजिस्ट्रेशन पोर्टल खोला जाएगा। उन्होंने पात्र महिलाओं से आह्वान किया कि वे दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना का पोर्टल खुलने के बाद अपना पंजीकरण करवाकर प्रतिमाह 2100 रुपये की आर्थिक सहायता प्राप्त करें।

नायब सिंह सैनी ने बताया कि इस योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक संबल प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाना और परिवार की आर्थिक निर्णय प्रक्रिया में उनकी भूमिका को मजबूत करना है। आय सीमा में  विस्तार से बड़ी संख्या में अतिरिक्त महिलाओं के योजना से जुड़ने का मार्ग प्रशस्त होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना केवल आर्थिक सहायता प्रदान करने वाली योजना नहीं है, बल्कि यह प्रदेश की महिलाओं के आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता को मजबूत करने का माध्यम भी है।  सरकार का प्रयास है कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की महिलाओं को सहायता का लाभ सीधे तौर पर मिले।  किसी भी परिवार की आर्थिक मजबूती में महिला की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। जब महिला के पास अपने स्तर पर आर्थिक संसाधन उपलब्ध होते हैं तो उसका आत्मविश्वास बढ़ता है और परिवार के सामाजिक एवं आर्थिक विकास पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ता है। दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना इसी सोच को आगे बढ़ाती है। सरकार का संदेश साफ है-महिला सशक्त होगी तो परिवार मजबूत होगा और परिवार मजबूत होगा तो हरियाणा और मजबूत बनेगा।

वैशाली वर्मा

वैशाली वर्मा पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 3 साल से सक्रिय है। इन्होंने आज तक, न्यूज़ 18 और जी न्यूज़ में बतौर कंटेंट एडिटर के रूप में काम किया है। अब मेरा हरियाणा में बतौर एडिटर कार्यरत है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Follow Now