करनाल में NH-44 पर भीषण सड़क हादसा: रॉन्ग साइड से आए ट्रक ने बस, कार और बाइक को मारी टक्कर; 4 लोगों की मौत

On: December 3, 2025 10:20 AM
Follow Us:
करनाल

हरियाणा के करनाल जिले के घरौंडा क्षेत्र में बुधवार सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर बड़ा सड़क हादसा हो गया। रॉन्ग साइड से आए एक अनियंत्रित ट्रक ने तेज रफ्तार में तीन वाहनों को टक्कर मार दी। हादसा इतना भयानक था कि ट्रक बस और कार को कुचलता हुआ सड़क किनारे पलट गया, जिसमें लगभग 4 लोगों की मौत हो गई और कई लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। वहीं घायलों का नजदीकी अस्पताल में इलाज चल रहा है।


कैसे हुआ हादसा?

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा घरौंडा टोल प्लाजा से करीब 1 किलोमीटर पहले हुआ। बताया जा रहा है कि पानीपत की ओर जा रहे एक ट्रक ड्राइवर ने अचानक डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में घुसते हुए पहले पंजाब रोडवेज की बस को जोरदार टक्कर मारी।

बस के कंडक्टर साइड में टक्कर लगी, जिससे अंदर सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। बस में बैठे कई लोग घायल हुए हैं।

इसके बाद ट्रक ने आगे बढ़ते हुए दो बाइकों और एक कार को टक्कर मारी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और ट्रक सर्विस लेन की रेलिंग से टकराकर पलट गया।


चश्मदीदों की जुबानी

एक बस यात्री ने बताया कि वह दिल्ली से अमृतसर जा रहा था। अचानक तेज धमाका हुआ और बस रुक गई। बाहर आकर देखा तो सड़क पर भीषण मंजर था। कार और बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त पड़ी थीं।

दूसरी ओर, पंजाब निवासी हरजीत सिंह, जो उसी बस में सवार थे, ने बताया कि ट्रक की गति बहुत तेज थी। उसने सबसे पहले कार को कुचला और फिर बाइक सवारों को टक्कर मार दी। कार में सवार दो से चार लोगों की मौके पर मौत होने की आशंका जताई जा रही है।


ट्रक ड्राइवर का हालत गंभीर

हादसे के बाद ट्रक चालक भी केबिन में फंस गया, जिसे शीशा तोड़कर बाहर निकाला गया। पुलिस को आशंका है कि हादसे के समय चालक या तो नींद में था या नशे की हालत में था। फिलहाल उससे पूछताछ नहीं हो पाई है।


पुलिस जांच जारी

मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने हाईवे पर ट्रैफिक को नियंत्रित किया और क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाया। पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हादसे की विस्तृत जांच होगी।

वैशाली वर्मा

वैशाली वर्मा पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 3 साल से सक्रिय है। इन्होंने आज तक, न्यूज़ 18 और जी न्यूज़ में बतौर कंटेंट एडिटर के रूप में काम किया है। अब मेरा हरियाणा में बतौर एडिटर कार्यरत है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Follow Now