हिसार, 02 जून।
राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय के क्षेत्रीय संकार्य प्रभाग हिसार द्वारा जून 2026 के दौरान विभिन्न सामाजिक-आर्थिक एवं औद्योगिक सर्वेक्षण संचालित किए जाएंगे। इन सर्वेक्षणों के माध्यम से एकत्रित आंकड़ों का उपयोग केंद्र एवं राज्य सरकारों द्वारा विकास योजनाओं और नीतियों के निर्माण में किया जाता है।
यह जानकारी देते हुए एनएसओ प्रवक्ता ने बताया कि विभाग वर्ष 1950 से परिवारों और प्रतिष्ठानों से आंकड़े एकत्रित कर रहा है। इन आंकड़ों के आधार पर देश में सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति का आकलन किया जाता है तथा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की रूपरेखा तैयार की जाती है। उन्होंने बताया कि सर्वेक्षण कार्य के लिए प्रशिक्षित अधिकारी आधुनिक डिजिटल उपकरणों और सुरक्षित वेब पोर्टल का उपयोग करते हैं। चयनित परिवारों, गांवों, शहरी क्षेत्रों तथा उद्योगों का चयन वैज्ञानिक नमूना पद्धति के आधार पर किया जाता है। अधिकारियों द्वारा प्राप्त की गई सभी जानकारियां पूर्णत: गोपनीय रखी जाती हैं तथा किसी भी व्यक्ति या संस्था की पहचान सार्वजनिक नहीं की जाती। उन्होंने बताया कि जून माह में एनएसओ द्वारा वार्षिक उद्योग सर्वेक्षण, औद्योगिक उत्पादन एवं सेवा क्षेत्र से जुड़े विभिन्न सर्वेक्षणों के लिए चयनित इकाइयों से संपर्क किया जाएगा। इसके अलावा कार्यशील सहकारी समितियों के त्वरित सर्वेक्षण के तहत भी चयनित समितियों से आंकड़े एकत्रित किए जाएंगे।
एनएसओ प्रवक्ता ने नागरिकों, उद्योगों एवं सर्वेक्षण के लिए चयनित संस्थानों से अपील करते हुए कहा कि वे अधिकारियों को आवश्यक सहयोग प्रदान करें और सही व पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं। विभाग के अनुसार आमजन की सहभागिता से प्राप्त विश्वसनीय आंकड़े देश के बेहतर योजना निर्माण और विकास कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
google-site-verification: google37146f9c8221134d.html













