- हेलीकॉप्टर बुकिंग के नाम पर हो रही है ठगी, सस्ते ऑफर के झांसे में न आएं यात्री
Beware of Cyber Fraudsters : (मेरा हरियाणा नेटवर्क) सिरसा। 19 अप्रैल से शुरू हो रही चारधाम यात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है। बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि वे हेलीकॉप्टर सेवा, होटल बुकिंग व अन्य यात्रा संबंधी सुविधाओं के लिए केवल अधिकृत और सरकारी वेबसाइटों का ही इस्तेमाल करें।
एसपी दीपक सहारन ने बताया कि वर्तमान समय में साइबर ठग नए-नए तरीकों से लोगों को निशाना बना रहे हैं, अब चारधाम यात्रा के नाम पर भी ऑनलाइन ठगी के मामलों में तेजी आई है। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा चलाई जा रही हेलीकॉप्टर सेवा उन श्रद्धालुओं के लिए है जो पैदल यात्रा करने में असमर्थ हैं, लेकिन कुछ असामाजिक तत्व फर्जी वेबसाइट बनाकर लोगों को ठगने में लगे हुए हैं।
उत्तराखंड पुलिस ने भी हरियाणा पुलिस को पत्र भेजकर इस प्रकार की धोखाधड़ी के प्रति जागरूकता बढ़ाने का आग्रह किया है। इस वर्ष हरियाणा से लगभग 36 हजार 735 श्रद्धालुओं ने चारधाम यात्रा के लिए पंजीकरण कराया है। यात्रा शुरू होते ही ठग सक्रिय हो जाते हैं और सरकारी वेबसाइटों से मिलते-जुलते नाम वाली नकली साइट बनाकर लोगों को भ्रमित करते हैं।
सस्ते होटल बुकिंग ऑफर देते हैं
पुलिस के अनुसार ठग विशेष रूप से हेलीकॉप्टर बुकिंग के नाम पर कम कीमत का लालच देकर लोगों से ऑनलाइन भुगतान करवा लेते हैं। इसके अलावा सस्ते होटल बुकिंग ऑफर भी ठगी का एक आम जरिया बन चुके हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं को किसी भी आकर्षक और अविश्वसनीय ऑफर से सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
सरकार की आधिकारिक वेबसाइट पर पंजीकरण करें
एसपी ने बताया कि कि सोशल मीडिया पर दिखने वाले विज्ञापनों, संदिग्ध लिंक या अनजान नंबरों के जरिए बुकिंग करने से बचें। केवल उत्तराखंड सरकार की आधिकारिक वेबसाइट पर ही पंजीकरण और टिकट बुकिंग करें। यदि किसी प्रकार की धोखाधड़ी का संदेह हो, तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें या नजदीकी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराएं।
यह भी पढ़े:-Horrific Road Accident on DME : डीएमई पर भीषण सड़क हादसा, तीन की मौत, कई घायल














