पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते बदला मौसम, भारी बारिश और ओलावृष्टि गेहूं, सरसों और जौ के लिए हानिकारक
Haryana Weather Update (मेरा हरियाणा), चंडीगढ़ : हरियाणा में गुरुवार से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला आज शुक्रवार को भी जारी है। फिलहाल प्रदेश में कुछ ही जिलों में हल्की बारिश होने का समाचार है लेकिन मौसम विभाग ने पूरे प्रदेश के लिए आज बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं कृषि विशेषज्ञों के अनुसार यदि प्रदेश में भारी बारिश, ओलावृष्टि या फिर आंधी चलती है तो यह गेहूं, सरसों और जौ की फसलों के लिए हानिकारक सिद्ध होगी। मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार कल से प्रदेश में मौसम साफ हो जाएगा।
इन जिलों में सुबह से हो रही बारिश
इसके चलते तीन जिलों सोनीपत, महेंद्रगढ़, फरीदाबाद और पानीपत में सुबह से ही बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने राज्य के 19 जिलों में ‘आॅरेंज अलर्ट’ जारी किया है, जहां गरज-चमक के साथ ओले गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है। राज्य के औसत अधिकतम तापमान में 5.7 डिग्री की भारी गिरावट दर्ज की गई है।
आलम यह है कि प्रदेश का पारा सामान्य से 6.5 डिग्री नीचे चला गया है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से हुई इस बारिश और ठंडी हवाओं ने ठंड बढ़ा दी है। प्रदेश में सबसे अधिक बदलाव रोहतक में दिखा, जहां तापमान 10.5 डिग्री लुढ़क कर मात्र 20.7 डिग्री रह गया। यहां सबसे ज्यादा 5 एमएम बारिश भी दर्ज की गई।
गुरुवार को पूरा दिन रूक-रूक बारिश हुई
हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होने से लगातार कई जिलों में बारिश हुई। हिसार में गुरुवार को सुबह करीब 9 बजे से शाम 6 बजे तक रुक- रुककर बारिश हुई। इसके साथ ही सिरसा, फतेहाबाद, कुरुक्षेत्र, पंचकूला के हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हुई।
हरियाणा के साथ पंजाब में भी होगी बारिश
चंडीगढ़ मौसम विभाग के अनुसार पंजाब-चंडीगढ़ में भी गुरुवार से बारिश का सिलसिला शुरू हुआ जो शुक्रवार सुबह भी जारी है। हालांकि बारिश हल्की है लेकिन सुबह और शाम के वक्त ठंड बढ़ गई है। लोगों को एक बार फिर गर्म कपड़े निकालने पड़ गए हैं। 24 घंटे में राज्य के तापमान में 2.7 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। अब यह सामान्य से 6.1 डिग्री नीचे पहुंच गया है।
ये भी पढ़ें : West Asia Crisis : हमने अमेरिका को युद्ध में नहीं धकेला : नेतन्याहू














