हरियाणा के युवाओं के लिए सरकारी नौकरी से जुड़ी अहम खबर सामने आई है। हरियाणा खेल विश्वविद्यालय, राई (सोनीपत) ने नियमित गैर-अध्यापन पदों पर भर्ती के लिए संशोधित रोजगार सूचना जारी कर दी है। यह विश्वविद्यालय राज्य विधायिका अधिनियम-21 ऑफ 2022 के तहत स्थापित है और अब विभिन्न प्रशासनिक पदों के लिए योग्य उम्मीदवारों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
विश्वविद्यालय की ओर से जारी विज्ञापन संख्या 01/एनटी-2026 से 05/एनटी-2026 के तहत कुल पांच पदों पर भर्ती की जाएगी। भर्ती प्रक्रिया में डिप्टी रजिस्ट्रार, असिस्टेंट रजिस्ट्रार, प्लेसमेंट ऑफिसर, वेबसाइट एडमिनिस्ट्रेटर और पब्लिक रिलेशन ऑफिसर के एक-एक पद शामिल हैं। सभी पद अनारक्षित यानी जनरल कैटेगरी के लिए रखे गए हैं, जिससे योग्य अभ्यर्थियों को समान अवसर मिल सके।
जारी जानकारी के अनुसार, इन पदों के लिए वेतन स्तर (फिक्स्ड पे लेवल) 8 से 12 के बीच निर्धारित किया गया है। इच्छुक और पात्र उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे समाचार पत्र में विज्ञापन प्रकाशित होने की तिथि के दस दिन बाद विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट www.suoh.ac.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करें। ऑनलाइन आवेदन शुरू होने की सटीक तिथि विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर अधिसूचित की जाएगी।
ऑनलाइन आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 16 फरवरी 2028 को सायं 5 बजे तक निर्धारित की गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पात्रता मानदंड, शैक्षणिक योग्यता, अनुभव, चयन प्रक्रिया और अन्य आवश्यक निर्देशों की विस्तृत जानकारी आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध विस्तृत विज्ञापन में दी गई है।
उम्मीदवारों को यह भी सलाह दी गई है कि भर्ती से संबंधित किसी भी शुद्धिपत्र, संशोधन या नई सूचना के लिए वे नियमित रूप से विश्वविद्यालय की वेबसाइट चेक करते रहें, ताकि किसी भी महत्वपूर्ण अपडेट से वे वंचित न रहें।











