उद्घाटन से पहले धंस गई मंझावली पुल की सड़क, फरीदाबाद-नोएडा कनेक्टिविटी पर लगा ब्रेक

On: July 11, 2026 10:10 PM
Follow Us:

फरीदाबाद: करीब 100 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हुआ फरीदाबाद का मंझावली यमुना पुल एक बार फिर चर्चा में है. मानसून की पहली ही तेज बारिश के बाद मंझावली गांव के पास पुल से जुड़ी सड़क का एक हिस्सा धंस गया, जिससे निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं. सड़क धंसने के बाद एहतियात के तौर पर रास्ता बंद कर दिया गया है और अब लोगों को एक बार फिर पुराने लंबे रास्ते का सहारा लेना पड़ रहा है. सबसे बड़ी बात यह है कि पुल का उद्घाटन भी अभी तक नहीं हुआ है और नियमित आवागमन शुरू होने से पहले ही सड़क धंसने की घटना सामने आ गई.

उत्तर प्रदेश की तरफ डेढ़ किलोमीटर सड़क अब भी अधूरी

Local18 से बातचीत में स्थानीय लोगों ने सड़क धंसने को लेकर नाराजगी जताई. लोगों का कहना है कि पुल बने करीब दो साल हो चुके हैं… लेकिन उत्तर प्रदेश की तरफ करीब डेढ़ किलोमीटर सड़क का निर्माण अभी भी अधूरा है. हरियाणा की तरफ पुल और सड़क का काम पूरा हो चुका है, लेकिन यूपी सिंचाई विभाग की जमीन पर सड़क नहीं बनने की वजह से पुल का इस्तेमाल शुरू नहीं हो पाया. सड़क धंसने की सूचना मिलने के बाद थाना तिगांव पुलिस ने बैरिकेड लगाकर रास्ता बंद कर दिया है और मौके पर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी भी लगा दी गई है, ताकि कोई वाहन उस तरफ न जा सके.

सड़क पूरी बने तो 5 मिनट में पहुंचेंगे नोएडा

स्थानीय निवासी सूरज बताते हैं मैं अक्सर रोज पुल पर घूमने आता हूं. उत्तर प्रदेश की तरफ सड़क का काम अभी रुका हुआ है. अगर वह सड़क बन जाती है तो नोएडा आने-जाने में बहुत आसानी होगी. यहां से नोएडा सिर्फ 5 मिनट का रास्ता रह जाएगा. अभी लोग कच्चे रास्ते से जाते हैं, लेकिन बारिश में वहां पूरा कीचड़ हो जाता है और जाना बहुत जोखिम भरा होता है. अब वह रास्ता भी बंद हो गया है.

अभी 20-22 किलोमीटर का चक्कर लगाना पड़ता है

स्थानीय निवासी योगेश बताते हैं अभी नोएडा जाने के लिए कालिंदी कुंज होकर करीब 20 से 22 किलोमीटर घूमकर जाना पड़ता है. जाम की वजह से एक घंटा तक लग जाता है. अगर उत्तर प्रदेश की तरफ सड़क बन जाए तो सिर्फ 5 से 10 मिनट में नोएडा पहुंच जाएंगे. समय और ईंधन दोनों की बचत होगी. लेकिन जिस तरह सड़क धंस गई है उससे लगता है कि निर्माण सही तरीके से नहीं हुआ. अभी तो पुल पर अभी आवागमन भी शुरू नहीं हुआ है फिर भी सड़क बैठ गई. आगे क्या होगा, यही चिंता है.

पहले भी बाढ़ में गिर चुकी है पुल की दीवार

मंझावली गांव के निवासी सतीश भारद्वाज बताते हैं यह पुल करीब दो साल पहले बना था. अब जगह-जगह सड़क धंसने लगी है. पिछले साल 2025 की बाढ़ में इसकी एक दीवार भी गिर गई थी…जिससे नुकसान हुआ था. हरियाणा की तरफ का काम पूरा है…लेकिन उत्तर प्रदेश की तरफ सड़क अधूरी होने से लोग पुल का इस्तेमाल नहीं कर पा रहे हैं. पुल का उद्घाटन भी अभी तक नहीं हुआ. बिना ट्रैफिक के ही सड़क की हालत है तो आगे भारी वाहनों का दबाव कैसे झेलेगी.

अधूरे रास्ते पर हो चुके हैं कई हादसे

स्थानीय निवासी प्रेम सिंह भाटी बताते हैं मैं मौजाबाद गांव का रहने वाला हूं. मंझावली पुल बने करीब दो साल हो चुके हैं लेकिन उत्तर प्रदेश की तरफ अभी भी करीब डेढ़ किलोमीटर सड़क बननी बाकी है. हरियाणा की तरफ काम पूरा है…लेकिन उद्घाटन से पहले ही सड़क धंस गई. बारिश में कच्चा रास्ता भी बंद हो जाता है. इसलिए, लोगों की परेशानी और बढ़ जाती है. कई लोग रात में आगे सड़क होने की उम्मीद में निकल जाते हैं और अधूरे रास्ते पर पड़े पत्थरों से टकराकर हादसे का शिकार हो जाते हैं. करीब दो महीने पहले भी दो लोगों की जान चली गई थी. अभी तो मानसून की शुरुआत हुई है आगे और बारिश होगी तो सड़क का क्या हाल होगा… यही सबसे बड़ा सवाल है.

पुल शुरू होने पर फरीदाबाद-ग्रेटर नोएडा की दूरी होगी कम

मंझावली पुल और संपर्क मार्ग पूरा होने के बाद फरीदाबाद से ग्रेटर नोएडा की दूरी काफी कम हो जाएगी. अभी लोगों को कालिंदी कुंज होकर करीब डेढ़ घंटे का सफर करना पड़ता है जबकि पुल पूरी तरह चालू होने के बाद यही दूरी 15 से 20 मिनट में तय की जा सकेगी.

वैशाली वर्मा

वैशाली वर्मा पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 3 साल से सक्रिय है। इन्होंने आज तक, न्यूज़ 18 और जी न्यूज़ में बतौर कंटेंट एडिटर के रूप में काम किया है। अब मेरा हरियाणा में बतौर एडिटर कार्यरत है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Follow Now

और पढ़ें

दबोचा गया एल्विश यादव का ‘खास’ पार्टनर, घर पर गोलियां चलवाने का राज आया सामने

फरीदाबाद के मंझावली गांव में बारिश से रास्ता डूबा, यमुना पुल निर्माण से बने गड्ढे में पानी भरा, किसानो को नुकसान

36 गांवों का एक रास्ता, लेकिन 12 महीने पानी का कब्जा.. आखिर क्यों नहीं खत्म हो रही असावटी अंडरपास की मुसीबत?

कांवड़ लेने हरिद्वार निकला युवक, एनकाउंटर में पुलिस ने गिराया मार, गलत संगत ने छीन ली जिंदगी

पलवल अस्पताल की ये कैसी मजबूरी? बिजली कटी तो टॉर्च की लाइट में हुआ महिला का ऑपरेशन, हैरान कर देगा नजारा

हरियाणा में 24 घंटे से बारिश! सोनीपत मे PHC गिरी, फरीदाबाद में धंसा पुल, गुरुग्राम में फ्लैट की बालकनी टूटी