हरियाणा के इन जिलों में लागू हुई धारा 163, 3 IPS अधिकारी, 11 DSP और पुलिस की 9 कंपनियां तैनात

On: January 9, 2026 12:07 PM
Follow Us:
हरियाणा

देश के मुख्य न्यायाधीश (CJI) जस्टिस सूर्यकांत शुक्रवार को हरियाणा के हांसी और हिसार के दौरे पर रहेंगे। वे दो दिनों तक हिसार में प्रवास करेंगे। अपने दौरे की शुरुआत जस्टिस सूर्यकांत हांसी बार एसोसिएशन के एक कार्यक्रम से करेंगे। इसके बाद शाम करीब 5 बजे हिसार के लघु सचिवालय परिसर पहुंचेंगे, जहां वे 316 नए अधिवक्ता चैंबरों का उद्घाटन करेंगे। उद्घाटन के उपरांत अदालत परिसर में आयोजित एक अन्य कार्यक्रम में भी उनकी सहभागिता रहेगी।

50 हाईकोर्ट जजों की मौजूदगी, कड़े सुरक्षा इंतजाम

मुख्य न्यायाधीश के दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने हिसार और हांसी में धारा 163 लागू कर दी है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत 3 IPS अधिकारी, 11 DSP और पुलिस की 9 कंपनियां तैनात की गई हैं। प्रशासन का कहना है कि कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। इस अवसर पर पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के करीब 50 न्यायाधीश भी मौजूद रहेंगे।

रात्रिभोज और पुराने जुड़ाव की यादें

प्रदेश सरकार की ओर से शहर के एक होटल में रात्रिभोज की व्यवस्था की गई है। जस्टिस सूर्यकांत का हिसार से गहरा नाता रहा है। मुख्य न्यायाधीश बनने से पहले भी वे अपने गांव पेटवाड़ आ चुके हैं। उन्होंने राजकीय महाविद्यालय हिसार से शिक्षा प्राप्त की और हिसार बार एसोसिएशन में करीब छह महीने तक वकालत की प्रैक्टिस भी की थी।

हिसार से सुप्रीम कोर्ट तक का सफर

10 फरवरी 1962 को हिसार में जन्मे जस्टिस सूर्यकांत आज देश के 53वें मुख्य न्यायाधीश हैं। हाल ही में राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री और कई गणमान्य हस्तियां मौजूद रहीं।

वैशाली वर्मा

वैशाली वर्मा पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 3 साल से सक्रिय है। इन्होंने आज तक, न्यूज़ 18 और जी न्यूज़ में बतौर कंटेंट एडिटर के रूप में काम किया है। अब मेरा हरियाणा में बतौर एडिटर कार्यरत है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Follow Now