
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 के सपने को साकार करेगी नई पीढ़ी
Haryana CM News (मेरा हरियाणा), चंडीगढ़ । हरियाणा सीएम नायब सिंह सैनी ने नूंह की अनाज मंडी में आयोजित राज्य स्तरीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम के दौरान मेवात कैडर के 1054 नव-नियुक्त प्राथमिक (पीआरटी) शिक्षकों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इस दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपने संबोधन में नई भर्ती को युवाओं की योग्यता की जीत बताते हुए कहा कि पहले की सरकारों में भाई-भतीजावाद, जातपात, क्षेत्रवाद और पर्ची-खर्ची के हिसाब से नौकरी मिलती थी।
बीजेपी की सरकार बनते ही बिना पर्ची-बिना खर्ची के 2 लाख से अधिक सरकारी नौकरियां देकर योग्य युवाओं का आत्मसम्मान लौटाया है, जबकि पिछली कांग्रेस सरकार ने अपने 10 साल के कार्यकाल में महज 86 हजार सरकारी नौकरियां दी थीं। उन्होंने पंजाब में भर्तियों में हो रहे भ्रष्टाचार को लेकर भी आम आदमी पार्टी पर कड़ा प्रहार किया।
शिक्षक-विद्यार्थी अनुपात में होगा सुधार
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि नए शिक्षकों की तैनाती से क्षेत्र में शिक्षक-विद्यार्थी का अनुपात सुधरेगा और प्राथमिक शिक्षा का स्तर और अधिक मजबूत होगा। इस अवसर पर नव-नियुक्त शिक्षकों के लिए शिक्षा विषयक 22 स्टॉल की एक भव्य प्रदर्शनी आयोजित की गई, जिसका मुख्यमंत्री ने अवलोकन किया।
साथ ही, शिक्षकों के व्यावसायिक कौशल को निखारने के लिए विशाल एलईडी स्क्रीन पर पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन के जरिए एक प्रभावी प्रशिक्षण सत्र भी आयोजित हुआ। इस दौरान ‘मुख्यमंत्री मेवात छात्र प्रतिभा सम्मान योजना’ के तहत सम्मान राशि भी जारी की गई। इस दौरान हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह, शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा मौजूद थे।
मेवात अब होनहार छात्रों का गढ़ बना
मुख्यमंत्री ने कहा कि मेवात, जो कभी शिक्षा के क्षेत्र में पिछड़ा माना जाता था, अब होनहार बच्चों का क्षेत्र बन गया है। रोजगार और शिक्षा के सुदृढ़ीकरण से मेवात में एक नया शैक्षणिक सूर्योदय हो रहा है। इसी क्रम में बोर्ड परीक्षा में 90 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले 70 प्रतिभाशाली बच्चों को ‘मुख्यमंत्री मेवात छात्र प्रतिभा सम्मान योजना’ के तहत 39 लाख 90 हजार रुपये की सम्मान राशि जारी की गई।
उन्होंने बताया कि पिछले साल ऐसे विद्यार्थियों की संख्या 40 थी, जो इस बार बढ़कर 70 हो गई है। इसके अलावा ‘मुख्यमंत्री मेवात पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना’ के तहत 1364 विद्यार्थियों को 52 लाख 44 हजार रुपए की छात्रवृत्ति भी जारी की गई।











