हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से शुक्रवार देर रात मौसम ने अचानक करवट ले ली। जीटी रोड बेल्ट के कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि दर्ज की गई। करनाल जिले के घरौंडा क्षेत्र के गांव कैमला में रात करीब साढ़े 12 बजे तेज ओलावृष्टि हुई, जिससे कुछ ही मिनटों में धरती सफेद नजर आने लगी। वहीं सोनीपत में तड़के करीब पौने तीन बजे बारिश हुई, जिससे ठंड का असर और बढ़ गया।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार शनिवार 1 फरवरी को प्रदेश के 17 जिलों में बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। उत्तर और दक्षिण हरियाणा के कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और नूंह जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में 50 से 75 प्रतिशत तक बारिश की संभावना बनी हुई है।
हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU) हिसार की ओर से सुबह 4:20 बजे जारी अल्पकालीन मौसम बुलेटिन में बताया गया कि अगले तीन घंटों के दौरान कुरुक्षेत्र, यमुनानगर, अंबाला, पंचकूला, कैथल, रोहतक, झज्जर, सोनीपत, जींद और फतेहाबाद जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के मुताबिक 2 फरवरी से पश्चिमी विक्षोभ का असर धीरे-धीरे कमजोर पड़ने लगेगा। हालांकि प्रदेश के कुछ हिस्सों में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं और कहीं-कहीं बहुत हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना बनी रहेगी।
मौसम में आए इस बदलाव का असर तापमान पर भी साफ दिखाई दिया है। शनिवार को हरियाणा में अधिकतम तापमान में औसतन 1.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जिससे दिन का तापमान सामान्य से 1.7 डिग्री नीचे पहुंच गया। प्रदेश का सबसे गर्म जिला चरखी दादरी रहा, जहां अधिकतम तापमान 23.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
इसके विपरीत करनाल में दिन का तापमान काफी नीचे गिरकर 16.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.3 डिग्री कम है। फरीदाबाद में बीते 24 घंटों के दौरान तापमान में 5.4 डिग्री सेल्सियस की बड़ी गिरावट दर्ज की गई। अधिकांश जिलों में दिन का तापमान 16 से 22 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है, जिससे ठंड का असर बढ़ गया है।
हरियाणा में रातोंरात बदला मौसम, GT रोड बेल्ट में बारिश और ओलावृष्टि, आज 17 जिलों में आंधी–ओलों का येलो अलर्ट
By वैशाली वर्मा
On: February 1, 2026 7:37 AM












