पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से मिलेगी गर्मी से राहत
Haryana Weather Update (मेरा हरियाणा), चंडीगढ़ : उत्तरी भारत के मैदानी राज्यों में गर्मी ने रफ्तार पकड़ ली है। खासकर हरियाणा में इन दिनों तापमान में काफी वृद्धि दर्ज की जा रही है। हालात यह है कि प्रदेश के कई जिलों का तापमान मार्च के शुरुआती दिनों में ही 30 डिग्री के पार जा चुका है। इससे जहां लोगों को गर्मी से दो चार होना पड़ रहा है वहीं फसलों विशेषकर गेहंू के लिए इतनी ज्यादा गर्मी खतरनाक है। कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि गेहूं की इस स्टेज में सबसे बेहतर तापमान 25 डिग्री के आसपास रहता है। लेकिन प्रदेश का तापमान इससे पांच डिग्री ज्यादा है जोकि गेहूं की फसल की पैदावार पर नकारात्मक प्रभाव डाल सकता है।
मौसम विभाग ने जारी की राहत भरी सूचना
भारतीय मौसम विभाग की तरफ से जारी की गई भविष्यवाणी यदि सही साबित होती है तो आने वाले दिनों में हरियाणा के लोगों और किसानों के लिए यह राहत भरा होगा। मौसम विभाग के अनुसार हरियाणा में चार मार्च तक मौसम शुष्क बना रहेगा। इसके बाद एक नया पश्चिमी विक्षोभ 4 मार्च की रात से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करने की संभावना है। इस मौसम प्रणाली के प्रभाव से हरियाणा में बादलवाही बढ़ेगी। खासकर हरियाणा के उत्तरी जिलों में कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।
9 शहरों का पारा 30 डिग्री के पार
प्रदेश में मार्च माह की शुरूआत गर्मी से हुई है। मार्च माह के पहले ही दिन प्रदेश के 9 शहरों का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। वहीं अधिकांश शहरों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से अधिक बना हुआ है। मौसम विभाग के पूवार्नुमान के अनुसार मार्च के पहले सप्ताह में हरियाणा में अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद तापमान में कोई खास बदलाव की संभावना नहीं है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार आगामी दिनों में बादलवाही बढ़ने के साथ हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है, लेकिन किसी बड़े वर्षा तंत्र की संभावना फिलहाल नहीं है।
ये भी पढ़ें : Haryana Budget Live : सीएम सैनी आज पेश करेंगे हरियाणा का बजट












