Last Updated:
Sonipat News: सोनीपत के गोहाना में शुक्रवार शाम रोहतक रोड पर बाइक सवार बदमाशों ने प्रॉपर्टी डीलर बिजेंद्र उर्फ नन्हा पहल की ताबड़तोड़ गोलियां मारकर हत्या कर दी. ऑफिस से घर जाने के लिए गाड़ी में बैठते समय रेकी के बाद हमलावरों ने उन पर 14 से 15 राउंड फायरिंग की, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए.
गोहाना में ऑफिस के बाहर प्रॉपर्टी डीलर की गोलियों से भूनकर हत्या (फोटो-AI)
Sonipat News: हरियाणा के सोनीपत जिले के गोहाना शहर में शुक्रवार शाम बाइक सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर एक प्रॉपर्टी डीलर की बेरहमी से हत्या कर दी. ऐसा बताया जा रहा है कि प्रॉपर्टी डीलर रोहतक रोड पर स्थित अपने ऑफिस के सामने अपनी कार में बैठे रहे थे. उसी वक्त बाइक सवार बदमाशों ने इस वारदात को अंजाम दिया. वारदात को अंजाम देने के बाद हत्यारोपी मौका-ए-वारदात से फरार हो गए. इस सनसनीखेज हत्याकांड के बाद पूरे शहर में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
गाड़ी में बैठते समय बदमाशों ने बनाया निशाना
मृतक की पहचान प्रॉपर्टी डीलर बिजेंद्र उर्फ नन्हा पहल के रूप में हुई है. वह मूल रूप से गन्नौर क्षेत्र के गुमड़ गांव के रहने वाले थे और वर्तमान में गोहाना के आदर्श नगर में रह रहे थे. बिजेंद्र गोहाना के रोहतक रोड पर ‘शिवम प्रॉपर्टी एडवाइजर’ के नाम से अपना ऑफिस चलाते थे. शुक्रवार शाम को वह काम खत्म कर घर जाने के लिए ऑफिस से बाहर निकले और अपनी गाड़ी में बैठने लगे.
इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे बाइक सवार हमलावरों ने उन पर गोलियों की बौछार कर दी. गंभीर रूप से घायल होने के कारण बिजेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आरोपी वारदात को अंजाम देकर बाइक से फरार हो गए.
रेकी के बाद 14 से 15 राउंड की फायरिंग
जानकारी के अनुसार, हमलावरों ने इस हत्याकांड को अंजाम देने से पहले पूरी रेकी की थी. सोची-समझी प्लानिंग के तहत बदमाशों ने बिजेंद्र पर करीब 14 से 15 राउंड फायरिंग की. घटनास्थल के पास चारा काटने की दुकान चलाने वाले एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि वह दुकान पर चारा काट रहा था, तभी मशीन के शोर के बीच उसे गोलियां चलने की आवाज सुनाई दी. जब तक आसपास के लोग आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे, तब तक हमलावर फरार हो चुके थे.
पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें जांच में जुटीं
दिनदहाड़े हुई इस हत्या की सूचना मिलते ही गोहाना थाना पुलिस, पुलिस के आला अधिकारी और क्राइम ब्रांच की टीमें तुरंत घटनास्थल पर पहुंचीं. पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर सबूत जुटाने शुरू कर दिए हैं. फिलहाल पुलिस हमलावरों की पहचान करने और हत्या के पीछे की असली वजह का पता लगाने के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों और अन्य सुरागों की गहनता से जांच कर रही है.
About the Author

Rahul Goel is a senior journalist with over 15 years of experience in print and digital media. He currently serves as a Coordinator and Publisher at News18 Hindi, managing State and Local18 content operations a…













