हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर गुरुग्राम को विकास की बड़ी सौगात दी है। सोमवार को गुरुग्राम में तिरंगा फहराने के बाद आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम सैनी ने घोषणा की कि मिलेनियम सिटी गुरुग्राम में करीब 1,000 एकड़ भूमि पर एक भव्य और आधुनिक टाउनशिप विकसित की जा रही है। यह टाउनशिप ‘ग्लोबल सिटी प्रोजेक्ट’ के नाम से जानी जाएगी, जो आने वाले समय में गुरुग्राम को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाएगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि ग्लोबल सिटी प्रोजेक्ट के तहत गुरुग्राम को आईटी, स्टार्टअप्स और आधुनिक उद्योगों का ग्लोबल हब बनाने की दिशा में सरकार लगातार काम कर रही है। राज्य में निवेश को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने प्रक्रियाओं को बेहद सरल बनाया है। अब निवेशकों को केवल 12 दिनों के भीतर सभी जरूरी मंजूरियां देने की व्यवस्था लागू की गई है, जिससे देश-विदेश की कंपनियां हरियाणा की ओर आकर्षित हो रही हैं।
अपने संबोधन में सीएम सैनी ने हरियाणा की आर्थिक मजबूती का भी विस्तार से जिक्र किया। उन्होंने कहा कि देश के कुल क्षेत्रफल का मात्र 1.34 प्रतिशत और आबादी का सिर्फ 2.09 प्रतिशत होने के बावजूद हरियाणा देश की जीडीपी में 3.7 प्रतिशत का योगदान दे रहा है। 3.53 लाख रुपये की प्रति व्यक्ति आय के साथ हरियाणा बड़े राज्यों में पहले स्थान पर है। इसके साथ ही उत्तर भारत में लॉजिस्टिक्स सुविधाओं के मामले में हरियाणा पहले और पूरे देश में दूसरे स्थान पर है, जो राज्य की मजबूत आर्थिक और औद्योगिक स्थिति को दर्शाता है।
महिला सशक्तिकरण को लेकर भी मुख्यमंत्री ने सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने बताया कि ‘दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना’ के तहत प्रदेश की 8.6 लाख महिलाओं को हर महीने 2,100 रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। इसके अलावा करीब 15 लाख परिवारों को मात्र 500 रुपये में एलपीजी गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। पंचायती राज संस्थाओं में महिलाओं को 50 प्रतिशत प्रतिनिधित्व देकर उन्हें निर्णय प्रक्रिया में मजबूत भागीदारी दी गई है।
सीएम सैनी ने कहा कि सरकार का लक्ष्य हरियाणा को विकास, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा के मामले में देश का अग्रणी राज्य बनाना है। गुरुग्राम में बनने वाली ग्लोबल सिटी न केवल निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा करेगी, बल्कि पूरे एनसीआर क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को भी नई रफ्तार देगी।










