यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए दक्षिण मध्य रेलवे ने ट्रेन संख्या 07705/07706 काकीनाडा टाउन–हिसार–काकीनाडा टाउन स्पेशल ट्रेन के संचालन को आगे बढ़ाने का फैसला लिया है। रेलवे प्रशासन के अनुसार यह विशेष ट्रेन अब 19 फरवरी से 29 मार्च 2026 तक चलाई जाएगी, जिससे हरियाणा और राजस्थान के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
आंध्र प्रदेश के काकीनाडा टाउन से हिसार के बीच चलने वाली इस स्पेशल ट्रेन का ठहराव राजस्थान के प्रमुख स्टेशनों पर भी रहेगा। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इस रूट पर कई प्रसिद्ध धार्मिक स्थल पड़ते हैं, जिनमें हजूर साहिब नांदेड़, रींगस स्थित बाबा खाटूश्याम मंदिर और अजमेर शरीफ शामिल हैं। ऐसे में इस ट्रेन से खासतौर पर तीर्थ यात्रियों को सीधा और सुविधाजनक सफर मिलेगा।
रेलवे द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार ट्रेन संख्या 07705 प्रत्येक गुरुवार को काकीनाडा टाउन से रवाना होगी और तीसरे दिन शनिवार को दोपहर 2 बजकर 5 मिनट पर हिसार पहुंचेगी। वहीं वापसी में ट्रेन संख्या 07706 22 फरवरी से 29 मार्च तक हर रविवार रात 11 बजकर 15 मिनट पर हिसार से प्रस्थान कर बुधवार सुबह 9 बजे काकीनाडा टाउन पहुंचेगी।
रेलवे ने बताया कि इस स्पेशल ट्रेन में कुल 24 कोच लगाए गए हैं, जिनमें एसी और नॉन-एसी दोनों श्रेणियों के डिब्बे शामिल होंगे। 21 फरवरी से शुरू होने जा रहे बाबा खाटूश्याम मेले को देखते हुए इस ट्रेन को विशेष रूप से उपयोगी माना जा रहा है, क्योंकि देश के अलग-अलग हिस्सों से आने वाले श्रद्धालुओं को इससे सीधी सुविधा मिलेगी।
हिसार और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों के लिए यह ट्रेन दक्षिण भारत से सीधा जुड़ाव प्रदान करेगी। बड़ी संख्या में लोग व्यापार, शिक्षा और पर्यटन के उद्देश्य से हैदराबाद और आंध्र प्रदेश की यात्रा करते हैं, ऐसे में बिना ट्रेन बदले सीधा सफर एक बड़ा लाभ साबित होगा। इसके अलावा मार्च महीने में होली की छुट्टियों और गर्मी की शुरुआत के कारण ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ को भी यह स्पेशल ट्रेन काफी हद तक कम करेगी।
हिसार से चलने वाली यह ट्रेन रविवार रात 11:15 बजे रवाना होकर सोमवार सुबह 4:40 बजे रींगस पहुंचेगी, जहां से यात्री बाबा खाटूश्याम के दर्शन के लिए आसानी से पहुंच सकेंगे। इसके बाद ट्रेन सोमवार सुबह 8:15 बजे अजमेर पहुंचेगी और कुछ समय के ठहराव के बाद आगे के लिए रवाना होगी। मंगलवार दोपहर 1:20 बजे यह ट्रेन हजूर साहिब नांदेड़ पहुंचेगी, जिससे सिख श्रद्धालुओं को भी सीधी सुविधा मिलेगी।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी टिकट की बुकिंग रेलवे के अधिकृत काउंटरों या आईआरसीटीसी की वेबसाइट के माध्यम से ही कराएं।








