हरियाणा के इन शहरों की बल्ले-बल्ले, 5 नए बस अड्डे बनेंगे, मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

On: February 27, 2026 10:27 AM
Follow Us:
हरियाणा

हरियाणा के बस यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। राज्य परिवहन विभाग ने प्रदेश के पांच शहरों में नए बस अड्डों के निर्माण की योजना बनाई है। सरकार की घोषणा और शहरों की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए ये बस अड्डे आगामी डेढ़ से दो वर्ष के भीतर विकसित किए जाएंगे।

इन शहरों में बनेंगे नए बस अड्डे

राज्य परिवहन विभाग के अनुसार बरवाला, नारायणगढ़, नीलोखेड़ी, बहल और रेवाड़ी में नए बस अड्डे तैयार किए जाएंगे।

बरवाला: पुराने बस अड्डे की जगह नया निर्माण

हिसार जिले के बरवाला में मौजूदा बस अड्डा काफी पुराना है। यहां बसों के लिए पर्याप्त जगह नहीं है और जलभराव की समस्या भी रहती है। पुराने ढांचे को तोड़कर आधुनिक सुविधाओं से लैस नया बस अड्डा बनाया जाएगा।

नीलोखेड़ी: पुलिस स्टेशन के पास निर्माण

करनाल जिले के नीलोखेड़ी में पुलिस स्टेशन के निकट बस अड्डे का निर्माण किया जा रहा है। पिछले वर्ष इसका शिलान्यास हुआ था और वर्तमान में निर्माण कार्य जारी है।

रेवाड़ी: शहर से बाहर बनेगा 20 एकड़ में नया बस अड्डा

रेवाड़ी में फिलहाल बस अड्डा शहरी आबादी के बीच संचालित है, जिससे जाम की समस्या बनी रहती है। अब शहर से बाहर 20 एकड़ भूमि पर नया बस अड्डा बनाया जा रहा है। इस परियोजना पर करीब 39 करोड़ रुपये खर्च होंगे और मार्च 2028 तक इसे पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

नारायणगढ़ और बहल में भी टेंडर जारी

अंबाला जिले के नारायणगढ़ में 12 काउंटरों वाला नया बस अड्डा बनेगा। यहां भी पुराने बस अड्डे को हटाकर नए सिरे से निर्माण किया जाएगा। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है।

भिवानी जिले के बहल में भी नए बस अड्डे के निर्माण के लिए टेंडर जारी हो चुके हैं।

यात्रियों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं

हरियाणा राज्य परिवहन विभाग के महानिदेशक प्रदीप कुमार ने कहा कि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए इन परियोजनाओं पर तेजी से काम किया जा रहा है। सभी बस अड्डों का निर्माण निर्धारित समयावधि में पूरा करने का लक्ष्य है।

नए बस अड्डों के निर्माण से न केवल यातायात व्यवस्था सुधरेगी, बल्कि यात्रियों को आधुनिक और सुविधाजनक परिवहन सेवाएं भी मिलेंगी।

वैशाली वर्मा

वैशाली वर्मा पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 3 साल से सक्रिय है। इन्होंने आज तक, न्यूज़ 18 और जी न्यूज़ में बतौर कंटेंट एडिटर के रूप में काम किया है। अब मेरा हरियाणा में बतौर एडिटर कार्यरत है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Follow Now