Haryana News: हरियाणा के घरौंडा में घरेलू विवाद में शराब के नशे में पिता अपनी पत्नी और बेटी के साथ मारपीट कर रहा था। इसी दौरान उन्हें बचाने के लिए बीच-बचाव करने आए 17 वर्षीय बेटे ने पिता पर डंडे से वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद बेटा खुद घायल पिता को इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचा, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पूरे घटनाक्रम की पड़ताल की जा रही है।
बीती देर रात करनाल के गांव कुटेल में घरेलू विवाद ने एक दर्दनाक मोड़ ले लिया, जहां 17 वर्षीय बेटे ने अपनी मां और बहन को बचाने के दौरान अपने ही पिता पर डंडा मार दिया, जिसकी वजह से उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक का पिता शराब के नशे में घर पहुंचा और परिवार के साथ मारपीट करने लगा। बीच-बचाव में आए बेटे ने उसे रोकने के लिए वार किया, लेकिन चोट गंभीर होने के कारण उसकी जान चली गई। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
गांव कुटेल निवासी 55 वर्षीय राजेंद्र पुत्र हरिराम ड्राइवर का काम करता था और शराब पीने का आदी था। बताया जा रहा है कि वह देर रात करीब 12 बजे घर पहुंचा और पत्नी व बेटी के साथ झगड़ा शुरू कर दिया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि उसने दोनों के साथ मारपीट शुरू कर दी। जब मारपीट ज्यादा बढ़ गई तो उनका 17 वर्षीय बेटा नमन बीच में आया और पिता को रोकने लगा। लेकिन राजेंद्र ने उसके साथ भी हाथापाई शुरू कर दी। इसी दौरान नमन को पास में पड़ा एक डंडा मिला और उसने अपने पिता के सिर पर वार कर दिया। चोट लगते ही राजेंद्र नीचे गिर गया और उसके सिर से खून बहने लगा।
घटना के तुरंत बाद नमन ही अपने पिता को एक निजी वाहन से करनाल के ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचा, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से ही इस घटना की सूचना मधुबन थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर करनाल के मोर्चरी हाउस में रखवा दिया। इसके बाद पुलिस टीम गांव कुटेल पहुंची, जहां घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए। जानकारी सामने आई है कि मौके से खून को साफ किया गया था। पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच जारी है।













