Last Updated:
Car Accident Video: हरियाणा के नूंह जिले से एक बेहद खौफनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है. तावड़ू सदर थाना क्षेत्र के नूंह रोड स्थित छारोडा बस स्टैंड पर बुधवार को एक तेज रफ्तार कार कहर बनकर टूटी. अनियंत्रित कार ने पहले वहां खड़े कई वाहनों को जोरदार टक्कर मारी और फिर सीधे एक टाइल्स शोरूम में जा घुसी. इस भीषण हादसे में पिकअप और बाइक समेत तीन वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. यह पूरी रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है.
कार ने एक शख्स को जोरदार टक्कर मारी.
नूंह: हरियाणा के नूंह जिले में रफ्तार का एक बेहद खौफनाक और जानलेवा कहर देखने को मिला है. नूंह रोड स्थित गांव छारोडा बस स्टैंड पास बुधवार को एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित हो गई. कार ने सड़क से दूर खड़े शख्स को इतना जोरदार टक्कर मारा कि वह 50 फीट जाकर गिरा. कार के इस तांडव में कम से कम तीन लोग बुरी तरह घायल हो गए.
यह पूरी घटना तावड़ू सदर थाना क्षेत्र की है. बस स्टैंड के पास एक टाइल्स शोरूम में लगे सीसीटीवी में ये घटना कैद हो गई है. सामने आए फुटेज में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि कैसे एक तेज रफ्तार कार अचानक अपना नियंत्रण खो बैठती है और वहां खड़े वाहनों को जोरदार टक्कर मारते हुए सीधे शोरूम की ओर बढ़ जाती है. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया. बताया जा रहा है कि कार सरपंच कार्यालय के समीप तक पहुंच गई थी.
3 लोग गंभीर रूप से घायल
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार की चपेट में एक पिकअप वाहन और एक मोटरसाइकिल समेत तीन वाहन आ गए, जो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और भारी अफरा-तफरी मच गई. देखते ही देखते वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई. इस हादसे में तीन लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की खबर है, जिन्हें स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तुरंत शहीद हसन खान मेवाती मेडिकल कॉलेज, नल्हड़ भेजा गया. फिलहाल घायलों की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है और उनकी पहचान की जा रही है.
जांच में जुटी नूंह पुलिस
हादसे की सूचना मिलते ही तावड़ू सदर थाना प्रभारी राजेश कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला. नूंह पुलिस के प्रवक्ता कृष्ण कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि, ‘दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई थी. फिलहाल घायलों का इलाज चल रहा है. पुलिस हादसे के असली कारणों की बारीकी से जांच कर रही है और शोरूम से मिले सीसीटीवी फुटेज को भी जांच का अहम हिस्सा बनाया गया है.’
About the Author

सिविल सर्विसेज की तैयारी करते-करते कब 4 साल पहले पत्रकारिता की ओर झुकाव हो गया पता ही नहीं चला. नाम दीप राज दीपक है. वर्तमान में News18 हिंदी के साथ जुड़े हुए हैं. पद सब-एडिटर …
और पढ़ें











