Punjab News: पंजाब में नशे के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पूरे प्रदेश में नशा मुक्त पंजाब यात्राएं निकालेगी। इन यात्राओं के लिए भाजपा का संकल्प ‘भाजपा दा नारा, नशा मुकाना सारा’ है। इन यात्राओं के जरिए प्रदेश के सभी 117 विधानसभा क्षेत्रों में लोगों को लामबंद कर नशे के खिलाफ लड़ाई को एक व्यापक जनआंदोलन का रूप दिया जाएगा।
तीन चुनौतियों पर केंद्रित होगी यात्रा
नशे के खिलाफ इस आंदोलन की घोषणा पंजाब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने की। इस मौके पर पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनप्रीत सिंह बादल, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़, अश्वनी शर्मा, प्रदेश महासचिव एवं यात्राओं के प्रभारी राजेश बाघा तथा प्रदेश मीडिया प्रमुख विनीत जोशी मौजूद थे। ढिल्लों ने कहा कि यात्रा आज पंजाब के सामने खड़ी तीन प्रमुख चुनौतियों बढ़ता नशा, बिगड़ती कानून-व्यवस्था और तहसील तथा थाने से लेकर मुख्यमंत्री कार्यालय तक शासन के हर स्तर पर व्याप्त भ्रष्टाचार पर केंद्रित होगी।
‘बहनों को पीड़ा दे रहा नशा’
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, ”यह केवल नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने वाली यात्रा नहीं है, बल्कि नशे से पंजाबियत, हमारी संस्कृति, मूल्यों, साहस और गुरुओं की धरती की गौरवशाली पहचान के सामने पैदा हुए गंभीर खतरे का मुकाबला करने का प्रयास है। नशे का संकट परिवारों को तोड़ रहा है, विशेष रूप से माताओं और बहनों को भारी पीड़ा दे रहा है।”
राष्ट्रीय अध्यक्ष दिखाएंगे हरी झंडी
ढिल्लों ने चारों यात्राओं का विवरण साझा करते हुए बताया कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन 18 सितंबर को एकता स्थल, माधोपुर, सुजानपुर, जिला पठानकोट से पहली यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगे। यह यात्रा जालंधर में संपन्न होने से पहले सुजानपुर, पठानकोट, भोआ, दीनानगर, गुरदासपुर, कादियां, श्री हरगोबिंदपुर, बटाला, फतेहगढ़ चूड़ियां, डेरा बाबा नानक, अजनाला, राजा सांसी, अटारी, अमृतसर पश्चिम, अमृतसर केंद्रीय, अमृतसर दक्षिण, अमृतसर पूर्व, अमृतसर उत्तर, मजीठा, जंडियाला, बाबा बकाला, तरनतारन, खडूर साहिब, खेमकरण, पट्टी, फिरोजपुर शहर, गुरु हरसहाय, फिरोजपुर ग्रामीण, जीरा, सुल्तानपुर लोधी, भुलत्थ, नकोदर, शाहकोट और जालंधर कैंट विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरेगी।
दूसरी यात्रा का विवरण
उन्होंने बताया कि दूसरी यात्रा 19 सितंबर को गुरुद्वारा श्री फतेहगढ़ साहिब में नतमस्तक होने के बाद शुरू होगी और जालंधर में संपन्न होने से पहले समराला, पायल, खन्ना, अमलोह, फतेहगढ़ साहिब, बस्सी पठाना, डेरा बस्सी, एसएएस नगर, खरड़, चमकौर साहिब, रोपड़, आनंदपुर साहिब, गढ़शंकर, चब्बेवाल, होशियारपुर, शाम चौरासी, दसूहा, मुकेरियां, उड़मुड़, आदमपुर, बलाचौर, नवांशहर, बंगा और फगवाड़ा विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरेगी।
तीसरी यात्रा का विवरण
ढिल्लों ने बताया कि तीसरी यात्रा 20 सितंबर को फाजिल्का में सादिकी बॉर्डर (आसफवाला 1971 युद्ध स्मारक) से शुरू होगी और जालंधर में संपन्न होने से पहले फाजिल्का, बल्लुआना, अबोहर, जलालाबाद, श्री मुक्तसर साहिब, मलोट, गिद्दड़बाहा, जैतो, कोटकपूरा, फरीदकोट, बाघा पुराना, निहाल सिंह वाला, धर्मकोट, मोगा, जगरांव, रायकोट, दाखा, मलेरकोटला, अमरगढ़, गिल, साहनेवाल और लुधियाना शहरी विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरेगी।
चौथी यात्रा का विवरण
चौथी यात्रा 21 सितंबर को तलवंडी साबो स्थित गुरुद्वारा श्री दमदमा साहिब में नतमस्तक होने के बाद शुरू होगी और जालंधर में संपन्न होने से पहले तलवंडी साबो, मौड़, रामपुरा फूल, भुच्चो मंडी, बठिंडा ग्रामीण, बठिंडा शहरी, मानसा, सरदूलगढ़, बुढलाडा, भदौड़, बरनाला, महल कलां, धूरी, संगरूर, सुनाम, दिड़बा, लहरागागा, शुतराना, नाभा, पटियाला ग्रामीण, पटियाला शहरी, सनौर और राजपुरा विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरेगी।














