Haryana Weather Update: अक्टूबर में भी गर्मी बरकरार, अगले 5 दिन बारिश के आसार कम; 7-8 अक्टूबर को बदल सकता है मौसम

On: October 4, 2026 4:33 AM
Follow Us:

Haryana Weather Update: हरियाणा में अक्टूबर की शुरुआत हो चुकी है, लेकिन लोगों को अभी गर्मी से खास राहत नहीं मिली है। प्रदेश में बारिश की कमी और लगातार शुष्क मौसम के कारण दिन के तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। शुक्रवार को राज्य का औसत अधिकतम तापमान पिछले दिन की तुलना में 0.6 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल अगले कुछ दिनों में तापमान में बड़ी गिरावट की संभावना नहीं है।

मौसम विभाग के मुताबिक अगले पांच दिनों तक हरियाणा में मौसम सामान्य तौर पर साफ और शुष्क रहने की संभावना है। इस अवधि के लिए किसी तरह का विशेष मौसम अलर्ट जारी नहीं किया गया है। हालांकि 7 और 8 अक्टूबर को प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। बारिश होने पर दिन के तापमान में कुछ गिरावट आने की उम्मीद है।

महेंद्रगढ़ में सबसे ज्यादा गर्मी

2 अक्टूबर के मौसम आंकड़ों में महेंद्रगढ़ 37.9 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा। इसके बाद हिसार में 37.5, नूंह में 37.1, फरीदाबाद में 36.5, पलवल में 36.2 और रेवाड़ी में 36 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। सिरसा में 35.7 और गुरुग्राम में 35.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। वहीं अंबाला में 34.3, करनाल में 33.8, कुरुक्षेत्र में 33.2, पानीपत में 33.2, कैथल में 32.6, पंचकूला में 32.5 और फतेहाबाद में 34.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

बारिश की कमी से बढ़ रहा दिन का तापमान

पिछले 24 घंटों में राज्य के ज्यादातर हिस्सों में बारिश नहीं हुई। बारिश के अभाव में वातावरण में नमी और बादलों की मौजूदगी कम रही, जबकि दिन के समय धूप तेज रहने से गर्मी का असर बढ़ गया। इसी वजह से अक्टूबर शुरू होने के बाद भी दोपहर में गर्मी महसूस हो रही है। मौसम विभाग ने फिलहाल अगले सात दिनों के लिए प्रदेश में कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की है। ऐसे में आने वाले दिनों में भी दिन के समय गर्मी और शुष्क मौसम बने रहने की संभावना है।

वैशाली वर्मा

वैशाली वर्मा पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 3 साल से सक्रिय है। इन्होंने आज तक, न्यूज़ 18 और जी न्यूज़ में बतौर कंटेंट एडिटर के रूप में काम किया है। अब मेरा हरियाणा में बतौर एडिटर कार्यरत है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Follow Now

और पढ़ें